विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बुलंदशहर विधानसभा क्षेत्र: जाम से जूझ रहा शहर, बोले विधायक- बाईपास निर्माण होते ही मिल जाएगी निजात

By Amar Singh Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 22 Jul 2026 04:52 PM (IST)

MLA Report Card: बुलंदशहर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक प्रदीप चौधरी का विकास का दावा है। जाम की समस्या पर ...और पढ़ें

बुलंदशहर विधानसभा क्षेत्र

बुलंदशहर विधानसभा क्षेत्र

HighLights

  1. अतिक्रमण और अनियंत्रित यातायात से शहर में भीषण जाम।

  2. बाईपास निर्माण का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के स्तर से स्वीकृत।

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। 2022 के विधानसभा चुनाव में बुलंदशहर की जनता ने भाजपा के प्रदीप कुमार चौधरी पर भरोसा जताया था। जनता को उम्मीद थी कि शहर के बुनियादी ढांचे और सुविधाओं में सुधार होगा, लेकिन जमीनी हकीकत इन उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है। शहर की सड़कों की स्थिति आज भी गंभीर बनी हुई है।

प्रमुख मार्गों से लेकर मोहल्लों की गलियों तक, अधिकांश जगहों पर गड्ढे और जाम आम बात हो गई है। स्याना अड्डा से कालाआम चौराहे तक का महत्वपूर्ण मार्ग भी सुधार की राह देख रहा है। अतिक्रमण और अनियंत्रित यातायात ने समस्या को और जटिल बना दिया है, जिससे लोगों को रोजाना लंबा समय जाम में बिताना पड़ता है।

बिजली व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की हवा या बूंदाबांदी हुई नहीं कि बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। ग्रामीण इलाकों में जर्जर लाइनें आए दिन फाल्ट का कारण बनती हैं, जिससे लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है। सीवर और जल निकासी की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है।

कई क्षेत्रों में सीवर लाइनें चोक हैं, जबकि कुछ जगहों पर अभी तक पाइपलाइन डालने का कार्य अधूरा है। नालों की सफाई नियमित रूप से न होने के कारण वे सिल्ट से भरे पड़े हैं। बरसात के दौरान स्थिति और बिगड़ जाती है, जब निचले इलाकों में जलभराव और गंदा पानी घरों तक पहुंच जाता है।

जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है, लेकिन इसके चलते कई सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया, जिन्हें समय पर दुरुस्त नहीं किया गया। जो सड़कें बनाई जाती हैं वो जल्दी ही बैठ जाती हैं। पाश कालोनियों तक की सड़कें बदहाल हो चुकी हैं। प्राधिकरण की यमुनापुरम कालोनी में भी सड़कें खराब स्थिति में हैं।

शहर की सबसे महत्वपूर्ण स्याना अड्डा से कालाआम चौराहा रोड की हालत भी नहीं सुधर पाई है। टूटी फूटी सड़कों पर गड्ढों के बीच होकर गुजर रहे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इन तमाम समस्याओं के समाधान को लेकर जनता की उम्मीदें अब भी अपने विधायक से जुड़ी हैं, लेकिन अब तक ठोस सुधार नजर नहीं आया है।

बुलंदशहर विधानसभा क्षेत्र

  • कुल मतदाता -352153
  • पुरुष : 187688
  • महिला : 164454

समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास जारी: विधायक

विधायक प्रदीप कुमार चौधरी का कहना है कि शहर से देहात तक की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास जारी है। कुछ समस्याओं का समाधान भी हुआ है। शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए बाईपास निर्माण का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के स्तर से स्वीकृत हो चुका है।

विधायक के अनुसार बाईपास निर्माण होते ही शहर को जाम से निजात मिल जाएगी। शहर के प्रवेश मार्ग को फोरलेन बनवाने का कार्य कराया है। विधायक निधि से सड़कें, नाले, संपर्क मार्ग, हाईमास्ट लाइट, यात्री शेड, वाटर कूलर समेत कई कार्य कराए हैं। बिजली ढांचे को मजबूत करने के साथ ही बरसात में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए पालिका के साथ मिलकर काम किया जाएगा।

क्षेत्र में सड़कें बदहाल: बसपा प्रत्याशी

2022 के चुनाव मे दूसरे नंबर पर रहे बसपा के प्रत्याशी मोहम्मद मोबिन कल्लू कुरैशी का कहना है कि बुलंदशहर विधानसभा क्षेत्र में सड़कें बदहाल हैं। गड्ढे विधायक के दावों की पोल खोल रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र से लेकर शहर तक की सड़कों की स्थिति ठीक नहीं है। विकास के नाम पर कुछ भी नजर नहीं आता है।

सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार बढ़ गया है। काम कराने के लिए लोगों को दफ्तरों के कई चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। युवाओं को रोजगार देने के लिए कुछ नहीं हुआ। मेडिकल कालेज सिर्फ नाम का है। यहां से मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। विकास के दावे खोखले हैं।

इन्होंने कहा

शहर की सबसे बड़ी समस्या जाम है, इसका स्थाई समाधान नहीं हो पाया है। शहर की कोई ऐसा मार्ग नहीं है, जिस पर हर समय जाम की समस्या न रहती हो। जाम से निजात दिलाने की उम्मीद अब तक अधूरी ही पड़ी है।
-संदीप सिंह, नागरिक
यमुनापुरम शहर की पाश कालोनी है लेकिन यहां की सड़कों की हालत बदतर है। सड़क में गहरे गड्ढे हैं। बदहाल सड़कों को सही कराए जाने की उम्मीद थी। सीवर लाइन के काम की वजह से पहले से बदहाल सड़कें और खराब हो गई हैं।
-दीपू त्यागी, नागरिक
विधायक प्रदीप कुमार चौधरी ने मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे व भूड़ चौराहा से अड़ौली तिराहा तक रोड को फोरलेन बनवाया है। बुलंदशहर-स्याना-गढ़ स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कराया है। विधायक निधि से शहर से देहात तक विकास कार्य कराएं हैं।
-राकेश त्यागी, नागरिक
शहर के निचले और पुराने इलाकों में बरसात में जलभराव की समस्या से निजात नहीं मिल पाई है। सीवर लाइन से पानी बाहर निकल रहा है। गलियों में जलभराव हो जाता है। जलभराव की समस्या पहले जैसी ही है।
-राहुल कुमार गुप्ता, नागरिक