विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जेवर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनाने की तैयारी तेज, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

By Amar Singh Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 14 Oct 2026 06:30 AM (IST)

Bulandshahr Industrial Corridor: यूपीडा ने जेवर लिंक एयरपोर्ट एक्सप्रेसवे के किनारे बुलंदशहर और स्याना में 3000 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक कॉरिडोर बनाने की प्रक्रिया शुरू की है।

AI जेनरेटेडिट फोटो

AI जेनरेटेडिट फोटो

HighLights

  1. अंतिम चरण में चल रहा काॅरिडोर को जमीन चिन्हांकन का काम।

  2. चिन्हांकन के बाद जमीन अधिग्रहित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

अमर सिंह राघव, बुलंदशहर। जेवर लिंक एयरपोर्ट एक्सप्रेसवे निर्माण को जमीन अधिग्रहित करने की प्रक्रिया के बीच यूपीडा ने बुलंदशहर और स्याना में औद्योगिक काॅरिडोर बनाने को जमीन चिन्हांकन शुरू कर दिया है। जमीन चिन्हांकन होने के बाद औद्योगिक कारिडोर के लिए जमीन अधिग्रहित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

कारिडोर में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से युवाओं के लिए रोजगार सृजन होगा। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने जेवर लिंक एयरपोर्ट एक्सप्रेसवे के लिए जमीन अधिग्रहित करने की प्रक्रिया के बीच अब एक्सप्रेस-वे किनारे काॅरिडोर निर्माण के लिए जमीन चिन्हांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एक्सप्रेसवे किनारे बुलंदशहर तहसील और स्याना तहसील में औद्योगिक गलियारा (Industrial Corridor) विकसित किया जाना है।

बुलंदशहर तहसील में 2500 हेक्टेयर और स्याना तहसील में 500 हेक्टेयर जमीन पर औद्योगिक कारिडोर बनाना प्रस्तावित है। यूपीडा ने औद्योगिक काॅरिडोर के लिए जमीन चिन्हांकन की प्रक्रिया को गति प्रदान कर दी है। कारिडोर के लिए जमीन चिन्हांकन का काम तेजी के साथ अंतिम चरण में चल रहा है।

बता दें कि जेवर एयरपोर्ट लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए पांच तहसीलों में 650 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित करने की प्रक्रिया भी तेजी चल रही है। कारिडोर का चिन्हांकन पूरा होने के बाद औद्योगिक काॅरिडोर के लिए जमीन अधिग्रहित करने की प्रक्रिया को गति मिलेगी।

लिंक एक्सप्रेस-वे के दोनों किनारे औद्योगिक गलियारा विकसित किया जाएगा। देशी-विदेशी कंपनियों के आने से युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा।

औद्योगिक काॅरिडोर विकसित होने के बाद जनपद के युवाओं को रोजगार की तलाश में गैर प्रांत और जनपदो की ओर जाना नहीं पड़ेगा। बुलंदशहर आगामी समय में एनसीआर का विकास की सबसे अपार संभावनाओं वाला जनपद होगा। जनपद इंटरनेशनल पटल पर भी अपनी एक अलग पहचान लेकर उभरेगा।

जेवर एयरपोर्ट लिंक एक्सप्रेसवे पर एक नजर

  • लिंक एक्सप्रेस-वे की प्रस्तावित लंबाई - 83 किलोमीटर
  • प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे जमीन अधिग्रहण - 650 हेक्टेयर
  • जिले में औद्योगिक गलियारा के लिए जमीन - तीन हजार हेक्टेयर

इन्होंने कहा...

जेवर एयरपोर्ट लिंक एक्सप्रेस-वे किनारे बुलंदशहर तहसील में 2500 हेक्टेयर और स्याना में 500 हेक्टेयर जमीन पर औद्योगिक काॅरिडोर विकसित किया जाना है। जमीन चिन्हांकन का काम तेजी से चल रहा है।
-आरसी मोघा, एक्सईएन, यूपीडा