बुलंदशहर में 40 डिग्री पहुंचा तापमान, भीषण गर्मी और उमस का बढ़ा प्रकोप; बीमारी से बचाव को डॉक्टर दे रहे सलाह
Bulandshahr weather : बुलंदशहर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंचने से भीषण गर्मी और उमस का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

HighLights
सुबह से ही सूर्य की तपिश हो रही तेज, आगामी दिनों में भी पारा चढ़ने के आसार।
दोपहर में सड़कों पर पसर रहा सन्नाटा, बाजारों में भी घटी चहल-पहल, बढ़ी परेशानी।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। मौसमी उतार-चढ़ाव के बीच आसमान साफ होने लगा है। भीषण गर्मी और उमस जनजीवन को प्रभावित करने लगी है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। सुबह से ही सूर्यदेव की तपिश तेज हो रही है और दोपहर भीषण गर्मी के कारण सड़कें सूनी हो रही हैं।
गर्मी का सबसे अधिक असर मजदूरों, किसानों, रेहड़ी-पटरी दुकानदारों और बाहर काम करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। तेज धूप के कारण उन्हें काम करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जबकि बाजारों में दोपहर के समय ग्राहक कम निकलने से दुकानदार खाली बैठे नजर आ रहे हैं। शाम को सूरज ढलने पर बाजारों में लोग खरीदारी को पहुंच रहे हैं।
लोग छबील लगाकर राहगीरों की प्यास भी बुझा रहे हैं। शुक्रवार को दिन निकलते ही सूर्यदेव दर्शन देते रहे। दोपहर के समय चटक धूप परेशानी बढ़ाने लगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक-एक डिग्री का इजाफा भी हुआ। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में शुष्क होते मौसम में तापमान में और उछाल होने की संभावना बनी हुई है। वहीं, प्रदूषण के कारण एक्यूआइ में भी उछाल हो रहा है। शुक्रवार काे आई सीपीसीपी की रिपोर्ट में एक्यूआइ 17 अंकों के इजाफे के साथ 159 रिकार्ड किया गया, जो मध्यम श्रेणी में बना रहा।
गर्मी से बचाव की चिकित्सक दे रहे सलाह
बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोग भी गर्मी से खासे परेशान हैं। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने तथा पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी, छाछ और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है। कहा है कि मौसम के मिजाज को देख फिलहाल आगामी दिनों तक गर्मी और उमस से राहत मिलने के आसार कम हैं। ऐसे में लोगों को धूप से बचाव के उपाय अपनाने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।
अघोषित बिजली कटौती का भी कर रहे सामना
गर्मी बढ़ने के साथ बिजली की मांग भी लगातार बढ़ रही है। दिनभर पंखे, कूलर और एसी चलने से बिजली की खपत में इजाफा हो रहा है। ऐसे में उपभोक्ताओं का कहना है कि कहीं-कहीं लो वोल्टेज और अघोषित कटौती की समस्या भी सामने आ रही है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है।
