बुलंदशहर में भीषण हादसा: गैस सिलेंडर लदे ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली में भिड़ंत, युवती की मौत व 28 श्रद्धालु घायल
बुलंदशहर के नरौरा में गैस सिलेंडर ट्रक और श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की भीषण भिड़ंत में एक युवती की मौत ...और पढ़ें

नरौरा थाना क्षेत्र में बेलोन के पास हादसे के दौरान क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्राली व मौके पर खड़ा ट्रक। जागरण
HighLights
बुलंदशहर में गैस सिलेंडर ट्रक-ट्रॉली की भीषण टक्कर।
हादसे में एक युवती की मौत, 28 श्रद्धालु घायल।
ट्रक चालक मौके से फरार, पुलिस ने जांच शुरू की।
संवाद सूत्र, जागरण. नरौरा (बुलंदशहर)। नरौरा थाना क्षेत्र में बेलोन के पास शनिवार की देररात एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना हुई। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सर्वमंगला मां बेला भवानी शक्तिपीठ, बेलोन में माता की पावन ज्योत लेने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और सामने से आ रहे रसोई गैस सिलेंडरों से लदे ट्रक के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में लगभग ढाई दर्जन श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान अलीगढ़ जिला अस्पताल में गंभीर रूप से घायल एक युवती ने दम तोड़ दिया।
माता के मंदिर से ज्योत लाने जा रहे थे 40 ग्रामीण
जनपद के थाना अहमदगढ़ क्षेत्र स्थित ग्राम स्यारली से 40 श्रद्धालु अपने गांव के मंदिर में स्थापना के लिए माता की अखंड ज्योत लाने ट्रैक्टर-ट्रॉली से नरौरा थाना क्षेत्र के गांव बेलोन स्थित सर्वमंगला मां बेला भवानी शक्तिपीठ के लिए रवाना हुए थे। देर रात जैसे ही श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर ट्रॉली ग्राम बेलोन के निकट पहुंची तभी नरौरा की दिशा से तेज गति से आ रहे गैस सिलेंडरों से भरे एक अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।
रात के सन्नाटे में हुई इस जोरदार भिड़ंत की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहायता से घायलों को उपचार के लिए डिबाई सीएचसी भेजा।

अंजू पुत्री सूरजपाल।
उपचार के दौरान घायल युवती की मौत
दुर्घटना में ट्रॉली में सवार 29 श्रद्धालु घायल हुए थे। सभी घायलों को तत्काल पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डिबाई पहुंचाया गया, जहां आपातकालीन चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर गंभीर रूप से घायल मरीजों को हायर मेडिकल सेंटर अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। थाना प्रभारी रामवीर सिंह ने बताया कि गंभीर हालत के चलते अलीगढ़ जिला अस्पताल रेफर की गई घायल युवती अंजू (20) पुत्री सूरजपाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवती की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव स्यारली में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे में ये हुए घायल
हादसे में घायल हुए श्रद्धालुओं विशाल, अंकित, ऋषिपाल, ममता, पुष्पा, शिवम, संगीता, जानवी, अभिषेक, विशाल, राम शंकर, गौरी, पूजा, यशोदा, वंदना, पूनम, जगवती, गायत्री, बुलबुल, नेहा, शुभम, सत्येन्द्र, दिनेश, वेदप्रकाश, भूपेन्द्र, हिमांशी, काजल और मोहित अलीगढ़ के जिला अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
मौके से ट्रक चालक फरार, रूट डायवर्ट कर खुलवाया गया मार्ग
हादसे के तुरंत बाद गैस सिलेंडरों से लदे ट्रक का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। सिलेंडरों से भरा ट्रक क्षतिग्रस्त होने के कारण मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। सूचना पर पहुंची नरौरा थाना पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए तत्काल सुरक्षा कारणों और राहत कार्य को देखते हुए मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया।
थाना प्रभारी रामवीर सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस और सरकारी वाहनों की मदद से सीएचसी डिबाई भेजा गया, जहां से गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त पड़े दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाकर यातायात को सुचारू करा दिया गया है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
