मूसल से ताबड़तोड़ वार कर शराबी पुत्र को उतारा मौत के घाट, हत्या के बाद पिता बोला-क्लेश खत्म हुआ
बुलंदशहर के खंदोई गांव में एक पिता ने अपने शराबी बेटे सुमित की मूसल से वार कर हत्या कर दी। ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
पिता ने मूसल से शराबी बेटे की हत्या की।
बेटे की शराब की लत से परेशान था पिता।
बुलंदशहर के खंदोई गांव में हुई वारदात।
संवाद सूत्र, जागरण. ऊंचागांव (बुलंदशहर)। नरसेना थाना क्षेत्र के गांव खंदोई में रविवार को दोपहर के समय घर में सो रहे अविवाहित बेटे को पिता ने मूसल से ताबड़तोड़कर वार कर मार डाला। शराबी बेटे के उत्पात और आए दिन मारपीट से परेशान पिता ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपित पिता घटना को अंजाम देकर गांव में पुत्र की हत्या करने की बात कहते हुए घूमता रहा। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची।

नरसेना क्षेत्र के गांव खंदोई निवासी 30 वर्षीय सुमित शराब का आदी था और शराब के नशे में आए दिन गांव और स्वजन से झगड़ा और मारपीट करता रहता था। उसके पिता चंद्रवीर बेटे की शराब की लत से काफी परेशान थे। इसी बात को लेकर आए दिन घर में कलह होती रहती थी। मुहल्ले और गांव के लोग भी सुमित की शराब पीने के बाद उत्पात की शिकायत लेकर घर आते थे।
रविवार की दोपहर सुमित घर में आकर सो रहा था, तभी पिता चंद्रवीर ने सोते हुए बेटे के सिर पर मूसल (धान कूटने वाला लकड़ी का मोटा डंडा) से वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से सुमित की मौके पर ही मौत हो गई। बेटे की हत्या के बाद आरोपित पिता गांव में क्लेश खत्म होने की बात कहते हुए फिर रहा था। तभी किसी ग्रामीण ने पुलिस को घटना की सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही नरसेना थाना पुलिस और सीओ रामकरन सिंह मौके पर पहुंचे।
सुमित का शव घर में ही चारपाई पर पड़ा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपित पिता से पूछताछ कर रही है। मारा गया सुमित और उसका पिता गांव में खेती करते हैं, जबकि उसका छोटा भाई विनीत सीआरपीएफ में तैनात बताया गया है। घटना के समय सुमित की मां घर में ही थी, लेकिन घर काफी बड़ा होने के कारण उसे पता नहीं चला, क्योंकि वह घर के दूसरे कोने में थी। थाना प्रभारी नितिन जावला ने बताया कि पिता ने बेटे की हत्या की है। शव पोस्टमार्टम को भेजा जा रहा है। आरोपित पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
