BSNL का धमाकेदार ऑफर: एक रुपये में सिम, अनलिमिटेड वायस कालिंग, एक GB डेटा; आम लोगों के लिए सेटेलाइट फोन सर्विस भी शुरू
बीएसएनएल ने स्वतंत्रता दिवस पर ग्राहकों के लिए विशेष योजनाएं लॉन्च की हैं, जिनमें एक रुपये का फ्रीडम प्लान, वार्षिक ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
ग्राहकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर खास प्लान लांच।
2399 रुपये वार्षिक मोबाइल प्लान पर ग्राहकों को 47 दिन की अतिरिक्त वैधता दी जा रही।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। ग्राहकों को बेहतर, किफायती, विश्वसनीय एवं सुरक्षित दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध कराने को बीएसएनएल विशेष योजनाएं (प्लान) लेकर आया है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इन्हें लांच किया गया है।
गुरुवार को भूड़ स्थित टेलीफोन एक्सचेंज पर आयोजित पत्रकार वार्ता में परिचालन क्षेत्र प्रमुख प्रदीप कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक रुपये का फ्रीडम प्लान इस अवसर की प्रमुख योजना है। इसमें फ्री सिम, अनलिमिटेड वायस कालिंग, एक जीबी डेटा और सौ एसएमएस प्रतिदिन की सुविधा रहेगी। इस प्लान की वैधता 24 दिन है। यह रिटेल ग्राहकों के लिए उपलब्ध है।
वहीं, 2399 रुपये वार्षिक मोबाइल प्लान पर पर ग्राहकों को 47 दिन की अतिरिक्त वैधता दी जा रही है। इसमें 365 दिनों बजाय अब 412 दिन की बैधता मिलेगी। इसके अलावा बीएसएनएल के एफटीटीएच के भारत फाइबर ग्राहकों के लिए भी विशेष आफर उपलब्ध है।
1199 रुपये वाला एफटीटीएच प्लान अब 1111 रुपये प्रति माह में मिलेगा। इसमें 200 एमबीपीएस तक हाई-स्पीड इंटरनेट, 5000 जीबी तक डेटा, 24 घंटे अनलिमिटेड कालिंग और डबल बैंड वाइफाइ ओएनटी (माडम) की सुविधा मिलेगी। ग्राहकों को मनोरंजन के लिए 27 ओटीटी की सुविधा भी मिलेगी। आफर अवधि के दौरान ग्राहकों को 88 रुपये तक की मासिक बचत का लाभ भी मिलेगा।
सेटेलाइट सेवा से जहां मोबाइल नेटवर्क नहीं, वहां भी कर सकेंगे संपर्क
सेल्स एंड मार्केटिंग एसडीओ अरविंद कुमार ने बीएसएननएल की ग्लोबल सेटेलाइट फोन सर्विस की जानकारी दी। बताया कि यह सेवा उन क्षेत्रों में विशेष रूप से उपयोगी है, जहां सामान्य मोबाइल नेटवर्क या टेलीफोन कनेक्टिविटी नहीं होती है। इसमें सेटेलाइट नेटवर्क के जरिए वायस काल एवं एसएमएस की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
यह सेवा विशेष रूप से दूर-दराज के क्षेत्रों, समुद्री, आपदा प्रभावित क्षेत्रों, सीमावर्ती इलाकों आदि के लिए उपयोगी है, जहां सामान्य दूरसंचार नेटवर्क की उपलब्धता सीमित हो सकती है। अभी तक सरकारी क्षेत्रों को यह सुविधा मिलती थी। अब आमजन मानस भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। हालांकि इसके उपयोग के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना होगा।
