डीएम कालोनी में मतदान बहिष्कार का लगा बोर्ड, रास्ता नहीं तो वोट नहीं
डीएम कालोनी में रास्ता बंद होने के कारण स्थानीय लोगों ने मतदान बहिष्कार का फ्लैक्स लगा दिया है। कॉलोनी में लगे फ्लैक्स पर लिखा है कि रास्ता नहीं वोट नहीं नोटा हमारा अधिकार प्रभावित मतदाता।
बुलंदशहर, जेएनएन। डीएम कालोनी में रास्ता बंद होने के कारण स्थानीय लोगों ने मतदान बहिष्कार का फ्लैक्स लगा दिया है। कॉलोनी में लगे फ्लैक्स पर लिखा है कि रास्ता नहीं, वोट नहीं, नोटा हमारा अधिकार, प्रभावित मतदाता। फ्लैक्स बोर्ड लगने के बाद हड़कंप मच गया है। बिजली के खंभों पर लगा फ्लैक्स कॉलोनी में चर्चा का विषय बना है।
डीएम कॉलोनी की सुरक्षा को लेकर तत्कालीन डीएम डॉ. रोशन जैकब ने वर्ष 2017 में कॉलोनी के उन रास्तों पर दीवार लगवा दी थी जो आसपास की विभिन्न कॉलोनी को जोड़ते थे। उस समय दीवार लगने के दौरान काफी हंगामा हुआ था। लोगों ने दीवार लगने का विरोध किया था। इसके बाद भाजपा सांसद डा. भोला सिंह और तत्कालीन भाजपा जिलाध्यक्ष ने खुद हथौड़ा लेकर दीवार को तोड़ दिया। सांसद और जिलाध्यक्ष के खिलाफ डीएम के आदेश पर मामले में रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी। तबसे लेकर अभी तक दीवार ज्यों की त्यों बनी हुई है। दूसरी कॉलोनी के लोग इसको लेकर लगातार आवाज उठाते रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कालोनीवासी मोनी भाटी ने बताया कि यह रास्ता सात कालोनियों को जोड़ता था। इसके साथ ही स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को, आफिस जाने वाले युवाओं को सहूलियत होती थी, मगर रास्ता बंद होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसीलिए मतदान का पूरी कालोनी बहिष्कार कर रही है। दिनेश ठाकुर, गजराज सिंह, महेंद्र सिंह, अमित ठाकुर, सुजाता आदि रहे।