ताला तोड़कर चलाया नलकूप, कई बीघा फसल जलमग्न
चौकी दौलतपुर क्षेत्र के दानपुर गांव में शुक्रवार की रात बदमाशों ने ताला तोड़कर एक नलकूप चला दिया। इससे चार किसानों की बारह बीघा आलू की फसल जलमग्न हो गई। किसानों ने मामले की पुलिस से शिकायत की है।
जेएनएन, बुलंदशहर। चौकी दौलतपुर क्षेत्र के दानपुर गांव में शुक्रवार की रात बदमाशों ने ताला तोड़कर एक नलकूप चला दिया। इससे चार किसानों की बारह बीघा आलू की फसल जलमग्न हो गई। किसानों ने मामले की पुलिस से शिकायत की है।
किसान तेजपाल सिंह, नौबत सिंह, दयाराम, मुंशीलाल ने बताया कि उनका यह नलकूप गांव से लगभग एक किमी की दूरी पर है। वह दिन में उसे बंद करके घर आ गए थे। रात में बदमाश ताला तोड़कर नलकूप के कमरे में घुस गए। उन्होंने जरूरी सामान की चोरी करते हुए नलकूप चला दिया। जिससे उनकी फसल बर्बाद हो गई। पीड़ित किसानों ने बदमाशों पर रंजिशन घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में कर रही है।
बंद मकान से हजारों का माल चोरी
संवाद सूत्र, खुर्जा: कोतवाली क्षेत्र के गांव आबदानगर में शुक्रवार रात चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर नगदी समेत हजारों रुपये का माल चोरी कर लिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव आबदानगर निवासी वसीम शुक्रवार सुबह अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गया था। देररात चोरों ने मौका पाकर मकान पर धावा बोल दिया। चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद चोर अलमारी में रखे पांच हजार रुपये, इंवर्टर-बैट्री, सोने-चांदी के आभूषण समेत करीब साठ हजार की कीमत का माल चुराकर ले गए। पीड़ित को घटना की जानकारी देररात घर पहुंचने पर हुई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।