भाजपा ने पूंजीपतियों को आपदा में उपलब्ध कराया अवसर : अजय कुमार लल्लू
जिले की सदर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में अपने प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा करने पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
बुलंदशहर, जेएनएन। जिले की सदर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में अपने प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा करने पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। प्रदेश अध्यक्ष ने जहां भाजपा को प्रदेश को कोरोना को बहाने लूटने वाली पार्टी बताया, वहीं खुद पर पिछले तीन माह में हुई कार्रवाई को भी विस्तार से बताया। इस दौरान उन्होंने सपा और बसपा को अवसर वादी पार्टी बताया। प्रदेश अध्यक्ष के साथ कांग्रेस के अन्य नेताओं के निशाने पर भाजपा ही रही।
कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी सुशील सिंह के समर्थन में शनिवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के गांव शाहनगर में जनसभा का आयोजन किया गया था। जनसभा में दोपहर करीब दो बजे पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अपने संबोधन में भाजपा पर जमकर तंज कसे। उन्होंने कहा कि जब बात जनता के हित की आई तो सड़क पर सिर्फ कांग्रेस और उसके कार्यकर्ता ही नजर आए। कोरोना काल हो या बढ़े महिला संबंधित अपराध की बात हो, संघर्ष सिर्फ कांग्रेस ने किया। सपा और बसपा घर में ही रही। उन्होंने बकाया गन्ना भुगतान, बढ़ता अपराध, महिला दुष्कर्म, लूट आदि की घटनाओं को लेकर प्रदेश सरकार को घेरा। भाजपा काल में प्रदेश भ्रष्टाचार और अपराध का गढ़ बनकर रह गया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने आपदा के समय में देश के बडे़ पूंजीपतियों को अवसर उपलब्ध कराया है। पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक, पूर्व सांसद राशिद अल्वी, पूर्व विधायक इमरान मसूद, पूर्व डिप्टी स्पीकर दिल्ली विधानसभा अमरीष गौतम, पूर्व विधायक गजराज सिंह, बंशी सिंह पहाडिया, जिलाध्यक्ष टूकी मल खटीक, श्यौपाल सिंह, आरपी सिंह आदि नेताओं ने भी अपने संबोधन में प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। किसानों पर रहा ध्यान
कांग्रेस की जनसभा में आए नेताओं ने जहां भाजपा पर अपनी भड़ास निकाली, वहीं सभी के संबोधन के केंद्र में किसान ही रहा। सभी नेताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी और किसानों की समस्याओं के संबंध में विस्तार से बात भी की। नेताओं के संबोधन में विद्युत निजीकरण से लेकर धान की फसल, आलू के दाम तक मुख्य रहा। मंच पर चढ़े अधिक लोग
जनसभा के मंच पर एक के बाद लोगों का पहुंचना जारी रहा और एक समय ऐसी स्थिति आ गई कि अतिथि भी असहज स्थिति में आ गए। बाद में किसी प्रकार मंच पर व्यवस्था बनाने के नाम पर लोगों को नीचे भेजना शुरू किया गया। इस दौरान कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल भी बना रहा।