बुलंदशहर पहुंचे चंद्रशेखर ने कहा सुनियोजित था दिल्ली का दंगा, भाजपा के लिए कही ये बात
भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर ने सिकंदराबाद में गोकशी के शक में पिटे युवकों से बात की। साथ ही उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए धर्म आधारित पार्टी बताया।
बुलंदशहर, जेएनएन। भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर गुरुवार की दोपहर बुलंदशहर पहुंचे। यहां एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने जहां बहुजन समाज के विकास और उत्थान की बात की, वहीं भाजपा पर भी जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश के हालात काफी खराब है और दिल्ली का दंगा भी पूर्व नियोजित था। दिल्ली में जनता मरती रही और भाजपा वहां खामोश रही, ऐसे में कई सवाल उठ रहे हैं।
कही इंसाफ दिलाने की बात
बुलंदशहर पहुंचने से पहले चंद्रशेखर सिकंदराबाद के मोहल्ला रिसालदारन और छासियाबाड़ा पहुंचे और यहां पिछले दिनों गोकशी के शक में भीड़ का शिकार हुए दो युवकों से मुलाकात की। इस दौरान चंद्रशेखर ने कहा कि दोनों युवकों को इंसाफ दिलाने के लिए भीम आर्मी आंदोलन करेगी। इसके बाद वहां बुलंदशहर के भूड चौराहे पर पहुंचे और यहां पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्याअर्पन किया। इसके बाद दिल्ली रोड स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। यहां कई लोगों ने बसपा छोड़कर भीम आर्मी का दामन थामा। इस दौरान चंद्रशेखर ने कहा कि देश के हालत बेहद खराब हैं और यहां कोई भी सुरक्षित नहीं है।
भाजपा पर साधा निशाना
भाजपा धर्म आधारित पार्टी है और धर्म देखकर ही भाजपा की सरकार कार्रवाई करती है। ऐसे में इंसाफ की उम्मीद रखना गलत है। उन्होंने दिल्ली दंगों पर बोलते हुए कहा कि दंगा सुनियोजित था और दंगे के दौरान भाजपा पूरी तरह से खामोश रही। ऐसे में भाजपा की खामोशी कई तरह के सवाल खड़ा करती है। इन्हीं सवालों का जबाव तलाशने के लिए मैं बुलंदशहर निवासी तीन युवकों के घर जा रहा हूं जो दिल्ली दंगे में मारे गए थे। अपने संबोधन में भीम आर्मी प्रमुख ने कहा कि 15 तारीख को इतिहास रचा जाएगा और पार्टी की घोषणा की जाएगी। उन्होंने युवाओं से कहा कि अगले दो साल तक घर मत बैठना, अपने अधिकार के लिए संघर्ष करना, दो साल बाद लखनऊ में हमारी सरकार होगी। कार्यक्रम के बाद वह डिबाई के लिए रवाना हो गए।