भाकियू का ऐलान, किसानों की समस्याओं को लेकर गंगा यात्रा का करेंगे विरोध Bulandshahr News
किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने जिले में 28 जनवरी को होने वाली गंगा यात्रा के विरोध का ऐलान कर दिया है। इसकी घोषणा भाकियू नेता मांगेराम त्यागी ने की।
बुलंदशहर, जेएनएन। किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने जिले में 28 जनवरी को होने वाली गंगा यात्रा के विरोध का ऐलान कर दिया है। स्याना में भाकियू नेता मांगेराम त्यागी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि आगामी 28 जनवरी को नगर में आने वाली गंगा यात्रा का भाकियू कार्यकर्ता विरोध करते हुए किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने तक आगे नहीं बढ़ने देंगे।
समस्याओं पर सुध नहीं ले रहा प्रशासन
शुक्रवार को नगर के गढ़ बस स्टैंड स्थित भाकियू नेता मांगेराम त्यागी के कैंप कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि काफी समय से नगर क्षेत्र के किसान प्रशासन से आवारा पशु, गन्ने का बकाया भुगतान और बड़ी हुई विद्युत दरों आदि समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। लेकिन प्रशासन किसानों की समस्याओं से पूरी तरह अनजान बना हुआ है। मांगेराम त्यागी ने चेतावनी देते हुए कहा कि 28 जनवरी को नगर में आ रही गंगा यात्रा का भाकियू कार्यकर्ता विरोध कर किसानों की समस्याओं का हल नहीं होने तक आगे नहीं बढ़ने देंगे। इस दौरान भाकियू के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
गंगा यात्रा की तैयारियों का जायजा
वहीं नरौरा में जनपद में 28 जनवरी को आने वाली ऐतिहासिक गंगा यात्रा के स्वागत की तैयारियों को जांचने के लिए गुरुवार को खुद जिले के प्रभारी और राज्य परिवहन मंत्री अशोक कटारिया गंगा के किनारे पहुंचे थे। यहां अनूपशहर के साथ डिबाई और बाद में नरौरा स्थित गंगा घाट पर जाकर तैयारियों का निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों को बेहतर व्यवस्था बनाने के लिए निर्देशित किया था। गंगा यात्रा 28 जनवरी को हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर से होते हुए जनपद में प्रवेश करेगी। यात्र के स्वागत के लिए हर स्तर पर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। रास्तों के साथ अन्य व्यवस्थाओं को भी सुधारा जा रहा है। गंगा किनारे के गांवों में विशेष रूप से अभियान चलाया जा रहा है और गंगा घाटों की सूरत भी बदली जा रही है।
दिए आवश्यक दिशा निर्देश
गुरुवार को गंगायात्रा की तैयारियों की जांच करने के लिए जिले के प्रभारी और राज्य परिवहन मंत्री अशोक कटारिया गंगा किनारे पहुंचे। अनूपशहर, डिबाई के बाद मंत्री नरौरा पहुंचे और अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। नरौरा के बांसी घाट पहुंचे प्रभारी मंत्री ने यात्रा दल की मोटर वोट रोके जाने वाले स्थान का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान डीएम रविंद्र कुमार ने बच्चा पार्क में सभा स्थल व गंगा मूर्ति पार्क में प्रदर्शनी लगाने की जानकारी दी।