भाकियू ने घेरा एसएसपी कार्यालय और कलक्ट्रेट
भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने सोमवार शाम एसएसपी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। एसपी सिटी ने मांगों को जल्द पूर्ण करने का आश्वासन मिलने पर किसान एसएसपी कार्यालय से धरना समाप्त किया।
बुलंदशहर, जेएनएन। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने सोमवार शाम एसएसपी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। एसपी सिटी ने मांगों को जल्द पूर्ण करने का आश्वासन मिलने पर किसान एसएसपी कार्यालय से धरना समाप्त किया। इसके बाद किसानों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए डीएम से वार्ता की। जिलाधिकारी ने किसानों की मांगों को जल्द से जल्द शासन तक पहुंचाने की बात कही।
सोमवार शाम करीब चार बजे सैकड़ों भाकियू कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय पहुंचे और परिसर में धरने पर बैठ गए। जिलाध्यक्ष गुड्डू प्रधान ने एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव को बताया कि औरंगाबाद थाना इंस्पेक्टर अवधेश त्रिपाठी ने एक बाइक चोर गिरोह पकड़ा और उसमें एक कार्यकर्ता को शामिल बताते हुए हिरासत में ले लिया। छोड़ने की एवज में 50 हजार रुपये लिए। एसपी सिटी ने बताया कि अवधेश त्रिपाठी के खिलाफ जांच बैठा दी गई है, जल्द ही इस पर निर्णय लिया जाएगा। किसानों ने अनूपशहर थाना प्रभारी पर प्रदर्शन कर रहे किसानों पर मुकदमा दर्ज करने का आरोप जड़ा। एसपी सिटी ने किसानों के खिलाफ मुकदमे स्पंज करने का आश्वासन किसानों को दिया। जिसके बाद किसानों ने धरना समाप्त किया। इसके बाद कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम रविद्र कुमार से वार्ता की। किसानों ने खुर्जा कॉरिडोर में किसानों को समान मुआवजा और बीबी नगर क्षेत्र के भैंसाखुर गांव के किसानों को भुगतान कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने जल्द ही दोनों समस्याओं की बाबत शासन को लिखने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर ठा. मदनपाल, कैप्टन बिशन सिंह सिरोही, चौ. ब्रह्मपाल सिंह, दयाचंद त्यागी, प्रमोद तेवतिया, राजकुमार शर्मा, अरब सिंह, धर्मेंद्र सिंह, अजब सिंह, वीरपाल सिंह, ठा. सुनील, भगत सिंह, नरेंद्र सिरोही, हरवीर गिरी आदि मौजूद रहे।