महिला और चार बच्चों को घर में जिंदा जलाने की कोशिश Bulandshahr News
एक लोमहर्षक घटनाक्रम में गुरुवार की रात को एक महिला और उसके चार बच्चों को घर के भीतर ही जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बुलंदशहर, जेएनएन। सिकन्द्राबाद औद्योगिक क्षेत्र की सरकारी कालोनी में गुरुवार की रात को एक महिला को उसके चार बच्चों के साथ जलाकर मारने की कोशिश की गई। अज्ञात ने घर के अंदर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गनीमत रही कि धुआं उठता देखकर महिला अपने बच्चों के साथ पड़ोसी की छत पर पहुंच गई और सभी की जान बच गई।
पेट्रोल छिड़का और लगा दी आग
सिकन्द्राबाद औद्योगिक क्षेत्र की सरकारी कालोनी में बबीता अपने दो बेटियों लक्ष्मी, सोनिया और बेटों सूरज व आर्यन के साथ रहती है। बबीता के पति महकार नोएडा में नौक्री करते हैं। सप्ताह में एक बार घर आते हैं। बबिता ने बताया कि पास ही धनपुरा गांव के कुछ लोग उसके परिवार से रंजिशन मानते है। गुरुवार की रात वह बच्चों के साथ घर में सो रही थी। रात में करीब डेढ़ बजे अचानक दो लोगों ने घर के दरवाजे के साथ अंदर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी।
छत के रास्ते खुद को और बच्चों को बचाया
बबीता को आग की जानकारी तब लगी जब कमरों में धुंआ फैलने से घुटन हुई। अचानक आग को देखकर बबीता ने शोर मचा दिया और आनन-फानन में छत के रास्ते बच्चों को लेकर वह पड़ोसी की छत पर पहुंची। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।
सीसीटीवी की जांच करेगी पुलिस
पीड़िता ने तीन आरोपितों को नामजद करते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। जिसमें आरोपितों पर परिवार को रंजिशन जिंदा जलाने के प्रयास का आरोप लगाया है। सीओ राघवेन्द्र मिश्रा ने बताया कि आरोपितों पर मुक़दम दर्ज कर सीसीटीवी की जांच की जा रही है।