मुठभेड़ के बाद अरनिया पुलिस ने पकड़े दो बदमाश
मुठभेड़ के दौरान अरनिया पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ कई थानों में विभिन्न धाराओं में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
बुलंदशहर, जेएनएन : मुठभेड़ के दौरान अरनिया पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ कई थानों में विभिन्न धाराओं में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों अपराधियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
अरनिया थाना प्रभारी रमाकांत यादव गुरुवार रात अपनी टीम के साथ गांव नायसर की पुलिया पर चेकिग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने दो बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। जिस पर बाइक सवारों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। जिस पर पुलिस ने अपना बचाव करते हुए दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। जिनके कब्जे से पुलिस ने एक तमंचा, दो कारतूस, बाइक और 100 ग्राम चरस बरामद किया है। पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम संजय पुत्र मुकेश निवासी ग्राम नदरई थाना कासगंज और इरफान पुत्र निजामुद्दीन हाल निवासी ग्राम बरतोली थाना खुर्जा देहात बताया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए दोनों बदमाशों के खिलाफ अलीगढ़, एटा, मथुरा, कासगंज, हाथरस सहित कई थानों में गैंगस्टर सहित विभिन्न धाराओं में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। दोनों अंतरजनपदीय गिरोह के सदस्य हैं। पुलिस ने मामला दर्ज करके दोनों को जेल भेज दिया है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी रमाकांत यादव, उपनिरीक्षक यशो वर्मा, अमरदीप शर्मा, कांस्टेबल सोनू, कपिलकांत, नितिन और रविकांत शामिल रहे।