विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

American Bully Attack : युवक का कान काट ले गया अमेरिकन बुली

By Jagmohan Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 09 Nov 2025 01:28 PM (GMT+05:30)

ऊंचागांव थाना क्षेत्र के गांव नित्यानंदपुर नंगली में एक युवक पर अमेरिकन बुली कुत्ते ने हमला कर दिया, जिससे उसके ...और पढ़ें

घायल लोकेश। सौ. स्वयं

घायल लोकेश। सौ. स्वयं

HighLights

  1. युवक के कान का बाहरी हिस्सा काटकर ले गया कुत्ता

  2. पड़ोसी और उसके परिवार ने कुत्ते से युवक को बचाया

  3. दिल्ली सफदरजंग अस्पताल में घायल का इलाज हुआ

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। सरकार की रोक के बाद भी लोग प्रतिबंधित प्रजाति के कुत्ते पाल रहे हैं। खतरनाक प्रजाति के ये कुत्ते आए दिन लोगों पर हमले कर रहे हैं। ऊंचागांव थाना क्षेत्र के गांव नित्यानंदपुर नंगली में पड़ोसी के अमेरिकन बुली प्रजाति के कुत्ते ने 26 वर्षीय युवक पर हमला कर दिया। कुत्ता युवक का कान का बाहरी हिस्सा काटकर ले गया। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में घायल युवक के कान की सर्जरी हुई है।

कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कालेज से संबद्ध जिला अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि गांव नित्यानंदपुर निवासी लोकेश घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचा। लोकेश के कान का हेलिक्स (कान का बाहरी मुड़ा हुआ किनारा) गायब था। घायल युवक ने बताया कि वह पड़ोसी के घर गया था। पड़ोसी का अमेरिकन बुली प्रजाति का कुत्ता खुला घूम रहा था। कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। अमेरिकन बुली ने लोकेश के कान पर काट लिया। कान का बाहरी मुड़ा हुआ किनारा कुत्ते के जबड़े में चला गया। किसी तरह पड़ोसी और उसके परिवार ने कुत्ते से युवक को बचाया। इसके बाद घायल युवक ऊंचागांव सीएचसी पहुंचा।

वहां एआरवी (एंटी रेबीज वैक्सीन) लगाई गई। इसके बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में उसने जानकारी दी और फिर घायल युवक को एआरएस (एंटी रेबीज सीरम) लगाया गया। इसके बाद उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में घायल का इलाज हुआ। सफदरजंग अस्पताल में शनिवार को लोकेश के कान की चिकित्सकों ने सर्जरी की। सीएमएस डा. प्रदीप राणा ने बताया कि कुत्ते ने युवक को बुरी तरह जख्मी किया हुआ था।

एआरवी और एआरएस देकर उसे दिल्ली रेफर कर दिया था। एआरएस लगवाने पहुंचे बुजुर्ग जहांगीराबाद निवासी लगभग 75 वर्षीय एक बुजुर्ग को एक माह पहले कुत्ते ने काट लिया था। तब एआरवी तो लगवाई, लेकिन एआरएस नहीं लगवाई थी। शनिवार को बुजुर्ग एआरएस लगवाने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे।