31 जनवरी तक उपभोक्ताओं को मिलेंगे सही बिल
ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने उपभोक्ताओं को सही बिल नहीं भेजने पर निगम अफसरों से कड़ी नाराजगी जताई है। निगम अफसरों को 31 जनवरी तक सभी उपभोक्ताओं को सही बिजली बिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
बुलंदशहर, जेएनएन। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने उपभोक्ताओं को सही बिल नहीं भेजने पर निगम अफसरों से कड़ी नाराजगी जताई है। निगम अफसरों को 31 जनवरी तक सभी उपभोक्ताओं को सही बिजली बिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
ऊर्जा मंत्री के निर्देशों के बाद भी निगम अफसर उपभोक्ताओं को गलत बिल भेजने की प्रक्रिया पर लगाम नहीं लगा पा रहे हैं। अभी भी उपभोक्ताओं के पास लाखों रुपये तक का गलत बिल पहुंच रहा है। वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्य से ऊर्जा मंत्री ने उपभोक्ताओं के प्रति कोई भी लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। कहा कि उपभोक्ताओं को सही बिल मिलने चाहिए। यदि कहीं गड़बड़ी मिले तो मीटर रीडर से इसकी जानकारी की जाए। 31 जनवरी तक सभी व्यवस्थाओं को सुधारा जाए। मुख्य अभियंता आरपीएस तोमर ने कहा कि उपभोक्ताओं को सही बिल दिए जा रहे हैं। कुछ समस्या हुई थी। जिन्हें सुधार दिया गया है। क्षतिपूर्ति आवेदन निरस्त
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव होशियारपुर अंधियार निवासी उदय सिंह पुत्र महेश चंद सड़क हादसे में 80 प्रतिशत दिव्यांग हो गए थे। क्षतिपूर्ति के लिए उदय सिंह ने क्रिमिनल एजेंसी को क्षतिपूर्ति के लिए आवेदन किया था। जिसे बोर्ड ने निरस्त कर दिया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि यदि पीड़ित उदय सिंह बोर्ड के निर्णय से संतुष्ट नहीं हैं तो वह उत्तर प्रदेश पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना के अंतर्गत आवेदन कर सकते हैं। इसके अंतर्गत मारपीट, दुष्कर्म पीड़िता और दुर्घटनाओं में दिव्यांग होने वाले पीड़ितों को क्षतिपूर्ति का नियम है। बता दें कि अनूपशहर के मौहल्ला मीरा निवासी मोहम्मद अशरफ के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी थी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अंतर्गत इन्हें एक लाख का मुआवजा प्रदान किया है।