दस बसों में 275 मजदूरों को भेजा बिहार
खुर्जा स्थित पॉटरी इकाइयों में मजदूरी करने वाले मजदूरों का पलायन अभी थमा नहीं है। शुक्रवार को भी मजदूर अपने परिवार के साथ बिहार के लिए रवाना हुए।
बुलंदशहर, जेएएनएन। खुर्जा स्थित पॉटरी इकाइयों में मजदूरी करने वाले मजदूरों का पलायन अभी थमा नहीं है। शुक्रवार को भी मजदूर अपने परिवार के साथ बिहार के लिए रवाना हुए। बसों में होमगार्ड भी भेजे गए हैं, जो मजदूरों को उनके गृह जनपद की सीमा तक छोड़कर बसों से ही वापस लौटेंगे।
शासन की तरफ से मजदूरों को उनके घरों तक पहुंचाने के निर्देश के बाद पिछले बुधवार से रोडवेज बसें जा रही हैं। दो दिनों में करीब 700 मजदूर बसों में सवार होकर बंगाल, बिहार के लिए रवाना हो चुके हैं। अब गुरुवार को भी काफी संख्या में मजदूर अपने परिवार के साथ मंदिर मार्ग स्थित पॉलीटेक्निक मैदान में पहुंच गए। जहां नायब तहसीलदार संदीप समेत अन्य कर्मियों ने उनके नाम-पते लिखे और उसके बाद उन्हें एक-एक करके रोडवेज बसों में बैठाया गया। शाम तक यहां से दस बसें रवाना की गई। जिसमें करीब 275 मजदूरों को रवाना किया गया है। बसों के साथ होमगार्ड भी भेजे गए हैं। जिससे मजदूर रास्ते में हंगामा ना कर सकें। मजदूरों को बसों के माध्यम से बिहार की सीमा पर छोड़ा जा रहा है। जहां से उन्हें बिहार डिपो की रोडवेज बस उनके गंतव्य तक पहुंचा रही हैं। नायब तहसीलदार ने बताया कि अभी भी काफी मजदूर अपने गृह जनपद जाने के लिए नाम लिखवा रहे हैं।