महिला की हत्या कर शव खेत में फेंका, मां के अधजले जिस्म के पास बिलखती रही डेढ़ साल की मासूम; बिजनौर पुलिस ने शुरू की जांच
Bijnor News: बिजनौर के नूरपुर थाना क्षेत्र में एक गन्ने के खेत से महिला का अधजला शव बरामद हुआ, जिसके पास एक डेढ़ साल की बच्ची बदहवास हालत में मिली।

घटनास्थल पर मिली मासूम बच्ची को दुलार करती गांव की महिला और जांच करती फॉरेंसिक टीम। जागरण
HighLights
गन्ने के खेत में शव डालकर मां के शव और बेटी को जिंदा जलाने की थी योजना।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने का किया प्रयास, पोस्टमार्टम को भेजा।
संवाद सूत्र, नूरपुर (बिजनौर)। गांव आलमपुर एड़वा स्थित गन्ने के खेत में बुधवार की सुबह एक महिला का अधजला शव पड़ा मिला। शव के पास डेढ़ वर्ष की मासूम बच्ची भी बदहवास हालत में पड़ी मिली। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी जांच करने के साथ मृतक की पहचान का प्रयास शुरू किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। फॉरेंसिक टीम और डाॅग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाकर जांच की गई। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
गांव आलमपुर एड़वा से रोशननगर गांव जाने वाले रास्ते पर बुधवार सुबह गोहावर जैत निवासी ध्यानपाल सिंह के गन्ने के खेत में ग्रामीणों ने एक महिला का शव पड़ा देखा। शव के पास ही करीब डेढ़ वर्ष की बच्ची बदहवास हालत में पड़ी थी। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
उधर, गांव निवासी महिलाओं ने लगातार रो रही बच्ची को किसी प्रकार संभाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव की पहचान का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद मौके पर जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डाॅग स्क्वायड की टीम भी बुलाई गई और जांच की गई।
लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं आ सका। उधर, पुलिस ने बच्ची को उपचार के लिए जिला मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। मौके पर पहुंचे एसपी कृष्ण कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया। एसपी ने बताया कि सबसे पहले शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
इसके लिए सर्विलांस टीम, सोशल मीडिया और सीसीटीवी फुटेज आदि का सहारा लिया जा रहा है। घटना स्थल से मुरादाबाद जनपद भी निकट है। ऐसे में वहां भी फोटो भेजकर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
तो महिला और बच्ची को जलाने की थी योजना
नूरपुर: हत्यारों ने महिला के शव को गन्ने के खेत में फेंका और पास ही मासूम बच्ची को भी फेंक दिया। इसके बाद महिला के शव को आग लगा दी। आग से महिला के शरीर का सीने से नीचे का हिस्सा काफी हद तक जल गया और कपड़े भी शरीर से चिपक गए।
हालांकि घटना के समय बच्ची जलते शव से कुछ दूर हट गई। जिस कारण उसकी जान बच गई। एसपी ने आशंका जताते हुए बताया कि हत्या करने वाले और शव को यहां फेंकने वालों ने योजना बनाई होगी। शव के साथ गन्ने के खेत में भी आग लग जाएगी और महिला के साथ बच्ची भी जलकर मर जाएगी। लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
गन्ने के खेत में तैयार हो रही फसल ने आग नहीं पकड़ी। हो सकता है कि सुबह के समय ओस गिरने से फसल की पत्तियां भिगी हुई थी जिस कारण आग खेत में नहीं फैल सकी। उधर, घटना की सूचना पर मौके पर आई महिलाओं ने बताया कि बच्ची बेहद डरी हुई थी और बेसुध होकर रो रही थी। बाद में उसे गोद में लेकर दुलार कर शांत कराया और दूध भी पिलाया।
सुनसान क्षेत्र में फेंका गया शव
महिला का शव जिस स्थान पर मिला है, वह क्षेत्र ज्यादातर सुनसान रहता है। गुलदार प्रभावित क्षेत्र होने की वजह से ग्रामीण कम ही उस क्षेत्र में जाते हैं। सुनसान क्षेत्र होने की वजह से हत्यारे शव को वहां फेंक गए। जनपद में पहले भी ऐसे कई अज्ञात शव मिल चुके हैं। जिसमें से कुछ की पहचान हुई, जबकि कुछ को पहचान का इंतजार है।
