बदायूं के बनखला मस्जिद परिसर में खोदाई के बाद दिखा कुआं, राजस्व विभाग करेगा पैमाइश
बिजनौर के बनखला गांव में मस्जिद परिसर में खुदाई के दौरान एक कुआं पूरी तरह से दिखाई दिया।

HighLights
बनखला मस्जिद परिसर में खुदाई के दौरान कुआं मिला।
पुलिस ने राजस्व विभाग को मामले की जानकारी दी।
राजस्व विभाग की टीम भूमि की पैमाइश करेगी।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। गांव बनखला में मस्जिद परिसर में बुधवार रात खुदाई के दौरान कुआं पूरी तरह नजर आ गया। पुलिस ने मामले की जानकारी राजस्व विभाग को दी है। अब राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश करेगी। इसके बाद कुएं की स्थिति स्पष्ट होने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गांव रसूलपुर जागन उर्फ लक्खूवाला के ग्रामीणों व हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने एसपी और डीएम को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि गांव बनखला में स्थित मस्जिद परिसर में कुएं के ऊपर शौचालय और स्नानघर बनाए गए हैं। जिस पर एसपी ने मामले की जांच के निर्देश दिए थे।
हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीस पाठ का एलान कर दिया था। इसके बाद मस्जिद कमेटी की ओर से मस्जिद परिसर में खोदाई शुरू कर दी थी। बुधवार रात हुई खोदाई के दौरान कुआं पूरी तरह नजर आ गया। थानाध्यक्ष सुनील सहरावत ने बताया कि खोदाई के बाद कुआं पूरी तरह नजर आ गया है।
राजस्व विभाग की टीम को सूचना दे दी गई है। टीम के मौके पर पहुंचकर पैमाइश करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष कौशिक त्यागी ने कुएं को कब्जामुक्त कराने की मांग की है। अधिकारियों का कहना है कि मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है।
