...जब अकेले ही बस में सवार होकर यात्रियों से मंत्री जी ने पूछा-कैसा है ड्राइवर कंडक्टर का व्यवहार Bijnore News
परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अशोक कटारिया ने शनिवार सुबह धामपुर में कालागढ़ रोड पर बसों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सवारियों से भी व्यवहार के बारे में जाना।
बिजनौर, जेएनएन। उत्तर प्रदेश सरकार में परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अशोक कटारिया ने शनिवार सुबह धामपुर में कालागढ़ रोड पर बसों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धामपुर, मुरादाबाद डिपो सहित लंबी दूरी की रूहेलखंड डिपो की बसों का भी निरीक्षण किया। जिसमें एक बस में चालक व परिचालक द्वारा यूनिफार्म नहीं पहनने पर नाराजगी जताई। साथ ही बसों में साफ सफाई की व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने सवारियों से भी चालक परिचालक के व्यवहार और बस चलाने के तरीके की जानकारी ली।
अकेले ही निकले निरीक्षण करने
परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार अशोक कटारिया शुक्रवार रात अपने गृह निवास धामपुर पहुंचे थे। शनिवार सुबह वह बिना अपने सरकारी अमले के अकेले ही धामपुर में निरीक्षण के लिए निकल गए। शहर का निरीक्षण करने के बाद वे कालागढ़ रोड पर पहुंचे। जहां आरएसएम तिराहे के पास उन्होंने बसों का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले मुरादाबाद डिपो की एक बस को रोका जिसमें चालक और परिचालक ने यूनिफार्म नहीं पहन रखी थी, जिस पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हें निर्देश दिए।
सवारियों ने जाना कैसा हो रहा व्यवहार
इसके बाद धामपुर डिपो और रूहेलखंड डिपो की बसों में भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सवारियों से चालक परिचालक के व्यवहार और बस चलाने के तरीके की जानकारी ली। जिसमें सवारियों ने संतोषजनक जवाब दिया। परिवहन मंत्री ने बसों में गंदगी पर भी नाराजगी व्यक्त की और उसमें सुधार के लिए कहा। मंत्री ने सवारियों को देव तुल्य बताते हुए उनका ध्यान रखने और अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए।