विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पर्यटकों के लिए अच्छी खबर: अब एक ही वेबसाइट से करें UP के सभी नेशनल पार्क, टाइगर रिजर्व और इको टूरिज्म स्थलों की बुकिंग

By Ajeet Chaudhary Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 15 Oct 2026 06:50 AM (GMT+05:30)

उत्तर प्रदेश के सभी नेशनल पार्क, टाइगर रिजर्व और इको टूरिज्म स्थलों की बुकिंग अब एक ही वेबसाइट से होगी। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो।

प्रतीकात्मक फोटो।

HighLights

  1. अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से शुरू होगी ऑनलाइन बुकिंग।

  2. अमानगढ़ में जिप्सी न मिलने पर परेशान रहते थे पर्यटक।

अजीत चौधरी, बिजनौर। उत्तर प्रदेश के नेशनल पार्क, चारों टाइगर रिजर्व सहित सभी इको टूरिज्म स्थलों घूमने के लिए बुकिंग अब एक ही वेबसाइट से हो सकेगी। अब तक दो टाइगर रिजर्व में ही ऑनलाइन बुकिंग होती थी।

अमानगढ़ और रानीपुर टाइगर रिजर्व में भी ऑफलाइन बुकिंग ही होती थी। कई बार जिप्सी खाली न मिलने तो कभी सफारी का समय खत्म हो जाने से दूर दराज से आने वाले पर्यटकों को समस्या का सामना करना पड़ता था। ऑनलाइन बुकिंग के समय ही पर्यटकों को आने जाने का समय आदि की जानकारी दे दी जाएगी।

वन्यजीवों की दुनिया लोगों को हमेशा ही आर्कषित करती है। उत्तर प्रदेश में चार टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी होती है। लखीमपुर खीरी और बहराइच में फैले दुधवा नेशनल पार्क में प्रदेश में सबसे पहले जंगल सफारी की शुरूआत की गई थी। यहां पर वर्ष 1988 में पर्यटकों के लिए जंगल सफारी शुरू की गई थी।

इसके बाद पीलीभीत में वर्ष 2014 में जंगल सफारी शुरू हुई। वर्ष 2022 में जिले में स्थित अमानगढ़ टाइगर रिजर्व और 2024 में चित्रकूट में रानीपुर टाइगर रिजर्व में भी जंगल सफारी शुरू की गई। अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी के चार सत्र ही हुए हैं लेकिन देश भर के अलावा कई अन्य देशों के पर्यटक यहां आ चुके हैं।

अमानगढ़ और रानीपुर टाइगर रिजर्व में अभी तक जंगल सफारी की आनलाइन बुकिंग की कोई व्यवस्था नहीं है। अमानगढ़ में जंगल सफारी शुरू होने के पहले दिन से ही इसके प्रयास किए जा रहे थे लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। अब शासन ने उत्तर प्रदेश के चारों टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी के लिए एक ही वेबसाइट बना दी है।

इस वेबसाइट से देश-दुनिया के किसी भी कोने में बैठे पर्यटक जंगल सफारी की आनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। अमानगढ़ में एक दिन में सुबह-शाम की शिफ्ट में पांच-पांच जिप्सी चलती हैं।

यहां से होगी ऑनलाइन बुकिंग

टाइगर रिजर्व के अलावा लायन सफारी इटावा, वाइल्डलाइफ सेंक्चुरी, बर्ड सेंक्चुरी, चिड़ियाघर में भी https://upecotourism.in/ वेबसाइट से ऑनलाइन बुकिंग होगी। बुकिंग के समय ही पैसे काटे जाएंगे। अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में टाइगर रिजर्व के लिए भी ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो जाएगी।

अमानगढ़ जंगल सफारी में अगले सत्र के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू की जाएगी। अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में वेबसाइट से ऑनलाइन बुकिंग शुरू होगी। एक ही साइट से बुकिंग करके प्रदेश में किसी भी वन्यजीव विहार आदि में घूम सकते हैं।
-जय सिंह कुशवाहा, डीएफओ