विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोल्ड स्टोरेज से आलू निकालने पर किसानों को यूपी सरकार देगी पैसा, पोर्टल पर 31 अक्टूबर तक करना होगा रजिस्ट्रेशन

Published: Fri, 16 Oct 2026 10:39 PM (IST)Updated: Fri, 16 Oct 2026 10:40 PM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों को कोल्ड स्टोरेज से आलू निकालने पर अधिकतम 20 हजार रुपये तक का अनुदान देने की घोषणा की है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. किसानों को आलू निकालने पर 20 हजार तक अनुदान।

  2. पोर्टल पर 31 अक्टूबर तक पंजीकरण कराना अनिवार्य।

  3. बिजनौर में 2800 मीट्रिक टन से अधिक आलू शेष।

जागरण संवाददाता, बिजनौर। शासन ने कोल्ड स्टोरेज से आलू निकालने पर किसानों के लिए अनुदान की घोषणा की है। किसानों को अधिकतम 20 हजार रुपये तक का अनुदान मिल सकता है। इसके लिए किसानों को पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। किसानों का 2800 मीट्रिक टन से अधिक आलू कोल्ड स्टोरेज में जमा है।

जिले में लगभग चार हजार हेक्टेयर भूमि में आलू की खेती होती है। किसान मार्च में खोदाई के बाद निकले आलू को दाम बढ़ने की आस में कोल्ड स्टोरेज में रख देते हैं। अक्टूबर के आसपास ये आलू निकाला जाता है। कभी कभी दाम इतने अधिक होते हैं कि आलू बोने वाले किसानों को बहुत लाभ होता है।

अगर दाम कम होते हैं तो किसान कोल्ड स्टोरेज से आलू निकालते भी नहीं हैं। आलू निकालकर घर ले जाने में उनकी ट्रांसपोर्ट आदि की लागत भी नहीं निकल पाती है। इस समय आलू के दाम इस समय आढ़त पर दस रुपये प्रति किलोग्राम तक चल रहे हैंं जो लागत को देखते हुए बहुत कम हैं।

कई बार लागत भी न निकलने पर किसान फसल को कोल्ड स्टोरेज से उठाते भी नहीं हैं। इसे देखते हुए सरकार ने कोल्ड स्टोरेज से आलू निकालने पर अनुदान की घोषणा की है।

योजना में एक किसान को अधिकतम 20 हजार रुपये तक का अनुदान देय हे। यह योजना 31 अक्टूबर तक लागू रहेगी। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को potato.uphorticulture.in पर पंजीकरण कराना होगा।

कोल्ड स्टोरेज में रखा आलू

कोल्ड स्टोरेज क्षमता भंडारण निकासी अवशेष
अमन कोल्ड स्टोरेज किरतपुर 5093 575 551 123
जैन कोल्ड स्टोरेज नजीबाबद 6115 351 158 193
नहटौर कोल्ड स्टोरेज नहटौर 5121 1757 675 1082
रौनक कोल्ड स्टोरेज बिजनौर 2145 2145 1405 740
बीके कोल्ड स्टोरेज बिजनाैर 4246 801 581 220
सागर कोल्ड स्टोरेज चांदपुर 2329 875 358 516
योग 49209 6606 3730 2876

नोट: आलू की मात्रा मीट्रिक टन में है।