विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजनौर: श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्राली और डीसीएम गाड़ी की टक्कर में युवक की मौत, अन्य हादसे में टैंकर ड्राईवर की गई जान

By Birendra Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 28 Oct 2026 02:29 PM (IST)

बिजनौर में हरिद्वार हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की डीसीएम गाड़ी से टक्कर हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई ...और पढ़ें

जीतू और रवि के फाइल फोटो।

जीतू और रवि के फाइल फोटो।

HighLights

  1. हाईवे पर गलत साइड से जा रही थी श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्राली।

  2. अन्य हादसे में तारकोल से भरा टैंकर पलटा, चालक की मौत।

संवाद सहयोगी, मंडावली (बिजनौर)। हरिद्वार हाईवे पर मंडावली क्षेत्र में गांव मुस्सेपुर के पास बच्चे का मुंडन कराने जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्राली और डीसीएम गाड़ी में से टक्कर हो गई। ट्रैक्टर-ट्राली गलत साइड से हाईवे पर जा रही थी। हादसे में ट्राली सवार बच्चे के फूफा की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीसीएम को कब्जे में ले लिया है।

नगीना थाना क्षेत्र के ग्राम बघाला निवासी मनोज के बेटे शिवाय का हरिद्वार में बुधवार को मुंडन होना था। ट्रैक्टर-ट्राली में करीब 25 लोग मुंडन संस्कार कराने के लिए हरिद्वार जा रहे थे। मंगलवार देर रात गांव मुस्सेपुर के सामने हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्राली और सामने से आ रही डीसीएम की टक्कर हो गई।

सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली गलत दिशा से जा रही थी। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में पुलिस की मदद की।

समीपुर सरकारी अस्पताल में 30 वर्षीय जीतू कुमार पुत्र गणेश सिंह निवासी गांव रायपुर मलियाबाद उर्फ बढ़ियावाला, थाना नहटौर की मौत हो गई। जीतू फरीदाबाद में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह अपने साले के बेटे के मुंडन संस्कार में शामिल होने अपनी ससुराल ग्राम बघाला आया था।

परिवार में कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह था, लेकिन हादसे ने पलभर में खुशियों को मातम में बदल दिया। ट्रैक्टर चालक जौनी और मनोज निवासीगण ग्राम भगोत्ता, थाना नगीना, जिला बिजनौर है। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।

दो मासूम बेटियों के भविष्य पर छाया संकट

जीतू कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाले जीतू की असमय मौत से स्वजन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनकी दो मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। जिस घर में मुंडन संस्कार की तैयारियों और खुशियों का माहौल था, वहां अब मातम पसरा है। हादसे की खबर से गांव में भी शोक की लहर है।

हाईवे पर तारकोल से भरा टैंकर पलटा, चालक की मौत

मंडावली: क्षेत्र के नजीबाबाद-कोटद्वार हाईवे पर गोल चक्कर के पास बुधवार रात साढ़े दस बजे टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टैंकर चालक की मौत हो गई, जबकि परिचालक घायल हो गया।

मृतक की पहचान रवि उर्फ रविंद्र पुनिया निवासी संतोषी माता वाली गली मुरसान जिला हाथरस के रूप में हुई। टैंकर तारकोल लेकर पानीपत से कोटद्वार जा रहा था। इस दौरान तारकोल भी बिखर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल का मेडिकल अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक व घायल के स्वजन को सूचना दे दी गई है। फिलहाल टैंकर पलटने के कारणों जांच की जा रही है।