यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 03, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार से छात्र समेत तीन की मौत
24 घंटे के अंदर राजा का ताजपुर मे छात्र समेत तीन लोगों की मौत होने से गांव में दहशत है। ...और पढ़ें

बिजनौर, जेएनएन। 24 घंटे के अंदर राजा का ताजपुर मे छात्र समेत तीन लोगों की मौत होने से गांव में दहशत है। गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण बुखार की चपेट में हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में डेरा डाल दिया है। पीड़ितों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, बुखार से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।
गांव निवासी अरशद (20) पुत्र इरशाद विवेक कालेज बिजनौर में डी फार्मा का छात्र था। उसे दो दिन पूर्व बुखार आया था। पहले स्थानीय चिकित्सक के यहां भर्ती कराया, जहां उसकी हालत और बिगड़ गई। बाद में उसे मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया गया। बुधवार देर शाम मुरादाबाद ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके अलावा गांव निवासी शहनाज परवीन (32 वर्ष)पत्नी मोहम्मद हुसैन को तीन दिन पूर्व बुखार आया। परिजन इलाज के लिए उसे स्योहारा ले गए। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे हायर सेंटर ले गए, लेकिन उसकी मौत हो गई। उधर, फरमान पुत्र शफीक चार दिन से बुखार से पीड़ित था। स्थानीय चिकित्सक से आराम नहीं होने पर परिजन उसे धामपुर स्थित चिकित्सक के यहां ले गए, जहां से उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। गांव में अचानक बुखार से तीन लोगों की मौत होने से ग्रामीणों में दहशत है। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ताजपुर पहुंच गई। टीम ने गांव में शिविर लगाकर पीड़ितों की जांच कर स्लाइड ली। नूरपुर चिकित्साधिकारी डा. अजय गंधर्व का कहना है कि पीड़ितों की जांच की जा रही है। हालांकि, मरने वालों की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। यदि उनका पोस्टमार्टम होता तो स्थिति का पता लग सकता था। ये हैं बुखार से पीड़ित
ग्रामीणों के अनुसार गांव निवासी हरिओम त्यागी, साबरा खातून, शिवा, नरेश कुमार, विशु, नीशू, मुन्नी, अफसाना, फरजाना, मुस्तकीम, वीनु शर्मा समेत कई लोग बुखार से पीड़ित हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में सफाई नियमित रूप से नहीं होती है। शिकायत के बाद भी प्रधान व अन्य अधिकारी इस पर संज्ञान नहीं लेते हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से पीड़ितों के इलाज की मांग की है।
--------
सुंगरपुर बेहड़ा में कई लोग बुखार से पीड़ित
संसू, नांगलसोती: सुंगरपुर बेहड़ा गांव में बुखार से दर्जनों ग्रामीण पीड़ित हैं। प्रशासन स्तर पर बचाव के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाने, गांव स्तर पर उपचार से हालत में सुधार नहीं होने से पीड़ित स्वयं को असहज महसूस कर रहे हैं। जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग से एक टीम आनन-फानन में गांव पहुंच गई और शिविर लगाकर बुखार पीड़ितों की सुध ली। बुधार से पीड़ित विश्वास, राजेंद्र सिंह, शिवम, ब्रह्मपाल सिंह, सुशील कुमार, ऊषा देवी, कुंवरपाल सिंह, प्रियंका, अंशु, सूर्याशी, दिव्यांशी आदि के रक्त के नमूने जांच के लिए लेकर भेजे गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम में फार्मासिस्ट रवि प्रताप, लैब टेक्नीशियन विजय सिंह आदि शामिल रहे। उन्होंने बताया कि रक्त के जो नमूने लिए गए हैं, उनकी जांच के बाद गांव में शिविर लगाकर बुखार पीड़ितों को बेहतर उपचार दिया जाएगा।
