गन्ना क्रय केंद्र नीति किसान विरोधी
रालोद रुहेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रवीण सिंह देशवाल एडवोकेट ने बताया कि गन्ना आयुक्त द्वारा गन्ना क्रय केंद्र की गन्ना निति गन्ना किसानों के हित में रही है। प्रदेश सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है।
बिजनौर जेएनएन। रालोद रुहेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रवीण सिंह देशवाल एडवोकेट ने बताया कि गन्ना आयुक्त द्वारा गन्ना क्रय केंद्र की गन्ना निति गन्ना किसानों के हित में रही है। प्रदेश सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने बताया कि धान खरीद को लेकर किसान पहले से परेशान हैं। गन्ना क्रय केंद्र को कम करना किसानों के लिए परेशानी का कारण है। 25 हजार कुंतल क्षमता वाले केंद्रों को समाप्त कर दूसरे केंद्र में मिलाने के आदेश दिए हैं। क्रय केंद्र किसानों की सुविधा के लिए बनाएं गए थे, इन्हें मिलाकर गन्ना क्रय केंद्र बनाना किसान के हित में नहीं है। इससे किसानों को गन्ना बेचने में परेशानी आएगी।
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आज
बिजनौर : जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में नियुक्त हुए 3317 सहायक शिक्षकों को शासन की ओर से शुक्रवार को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। लखनऊ में मुख्यमंत्री द्वारा समारोह में नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिले में नवनियुक्त 15 सहायक शिक्षकों को एनआइसी में दोपहर 12 बजे जन प्रतिनिधियों द्वारा नियुक्त दिए जाएंगे।
विषैला पदार्थ खाने से युवती की मौत
पैजनियां: हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव बल्दिया निवासी स्वर्गीय सरबीन सिंह की पुत्री मीना देवी का रिश्ता करीब दो वर्ष पूर्व स्योहारा के मोहल्ला पीरका निवासी विक्की के साथ हुआ था। शादी लॉकडाउन लगाने के कारण नवंबर में होना तय हुआ था। आरोप है कि युवती के तहेरे भाई व उसके कुछ रिश्तेदारों ने शादी तुड़वा दी। इससे क्षुब्ध होकर युवती ने बुधवार की दोपहर अपने घर पर विषैला पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में परिजन उपचार के लिए बिजनौर निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां से उसे मेरठ रैफर कर दिया। मेरठ के एक अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। गुरुवार को सूचना पर पीड़ित परिवार के घर पहुंची पुलिस शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
आरोपित का चालान किया
नगीना : पुलिस ने दहेज उत्पीड़न व मुस्लिम विवाह संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया। थाना प्रभारी कृष्ण मुरारी दोहरे ने बताया कि उपनिरीक्षक रवि कुमार ने दहेज उत्पीड़न व मुस्लिम विवाह संरक्षण अधिनियम के मामले में फरार चल रहे मोहल्ला पठानपुरा नजीबाबाद निवासी जुबेर खान को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया।