घने कोहरे में जान हथेली पर रख पहुंच रहे स्कूल
नजीबाबाद (बिजनौर) : क्षेत्र में घंटों तक घना कोहरा छाने से आम जनजीवन पर आंशिक असर पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी उन स्कूली बच्चों को हुई। ग्रामीण अंचलों में रहने वाले बच्चे को घने कोहरे को चीरते हुए जान हथेली पर रखकर स्कूल पहुंच रहे हैं।
नजीबाबाद (बिजनौर) : क्षेत्र में घंटों तक घना कोहरा छाने से आम जनजीवन पर आंशिक असर पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी उन स्कूली बच्चों को हुई। ग्रामीण अंचलों में रहने वाले बच्चे को घने कोहरे को चीरते हुए जान हथेली पर रखकर स्कूल पहुंच रहे हैं।
नजीबाबाद शहर में स्थित विभिन्न इंटर कॉलेजों में शहर के आसपास एवं दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में रहने वाले बच्चे पढ़ते हैं। यातायात के सीमित संसाधन होने के कारण अधिकांश बच्चे साइकिलों से स्कूल आते-जाते हैं। डीएम के आदेश पर कक्षा पांच तक के विद्यालयों में शीत अवकाश घोषित किया गया है, जबकि कक्षा छह और उससे ऊपर की कक्षाएं यथावत संचालित की गईं। बुधवार तड़के कोहरे की घनी चादर जमीन पर उतर आई। करीब 10 मीटर के फासले के बाद घने कोहरे में कुछ भी देख पाना संभव नहीं हो पा रहा था। साइकिलों एवं अन्य प्राइवेट वाहनों से स्कूलों तक पहुंचने में छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी हुई। कुछ जगह स्कूल के रास्ते पर रेल ट्रैक को छोटे-छोटे बच्चों ने जान हथेली पर रखकर पार किया। वहीं बुधवार को क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री एवं अधिकतम 19.8 डिग्री रहा । सुबह करीब 11 बजे धूप खिलने से लोगों ने ठिठुरन भरी ठंड से राहत महसूस की।
नगीना: बुधवार को सुबह के समय क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस व आर्द्रता 97 प्रतिशत रिकार्ड की गई। दिन भर धूप खिलने से आम आदमी को राहत मिली।
कृषि अनुसंधान मौसम वेधशाला के प्रेक्षक आरके शर्मा के अनुसार सुबह के समय क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस व आर्द्रता 97 प्रतिशत एवं दोपहर में अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस व आर्द्रता 47 प्रतिशत रिकार्ड की गई। मौसम प्रेक्षक ने सुबह के समय कोहरा छाये रहने व दोपहर के समय मौसम साफ रहने की संभावनाएं व्यक्त की है।
उधर सीएचसी नगीना के चिकित्सा प्रभारी डा. नवीन कुमार ने बुजुर्गो को सुबह के समय ठंड में घर से बाहर न निकलने व हल्के गर्म पानी का सेवन करने के साथ साथ अपना नियमित चेकअप कराते रहने की सलाह दी है।