एसपी ने थाने का किया आकस्मिक दौरा
पुलिस अधीक्षक डा.धर्मवीर सिंह ने मंडावली थाने का औचक निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान द्वारा थाने में कराए जा रहे विकास कार्य को देखकर प्रशंसा की लेकिन धीमी गति पर नाराजगी जताई।
बिजनौर जेएनएन। पुलिस अधीक्षक डा.धर्मवीर सिंह ने मंडावली थाने का औचक निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान द्वारा थाने में कराए जा रहे विकास कार्य को देखकर प्रशंसा की, लेकिन धीमी गति पर नाराजगी जताई। बुधवार को एसपी डा.धर्मवीर सिंह, एसडीएम बृजेश कुमार सिंह, सीओ गजेंद्रपाल सिंह, तहसीलदार राधेश्याम शर्मा के साथ मंडावली थाने पहुंचे। उन्होंने थाने में बनाए गए महिला हेल्प डेस्क भवन को देखा। साथ ही थाने में चल रहे नए मैस भवन का भी निरीक्षण किया। एसपी ने मैस भवन के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नया मैस भवन बनने के बाद पुराने मैस भवन का एक कमरा अलग बनाने को कहा। वहीं थाने के अंदर रंग-रोगन कराने के भी निर्देश दिए। थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रशंसा तो हुई, लेकिन कार्यों की धीमी गति पर एसपी ने नाराजगी जताई। थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने कार्य में तेजी लाने के प्रति आश्वस्त किया।
आधी रात को सुरक्षा का जायजा लेने उतरे एसपी
बिजनौर। जिले की सीमाओं की सुरक्षा को दुरुस्त करने के लिए एसपी मंगलवार आधी रात को जिले की सीमा पर पहुंचे और चेकिग अभियान चलाया रात में लगातार सात घंटे तक जिले की सभी सीमाओं पर पुलिस का सख्त पहरा रहा।
पुलिस अधीक्षक डा. धर्मवीर सिंह ने जिले की बार्डर चेकपोस्ट पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को सतर्क किया। उन्होंने सघन चेकिग अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके बाद खुद ही रात 12 बजे बिजनौर बैराज चेक पोस्ट पर पहुंच गए। एसपी ने बिजनौर बैराज पर चेकिग अभियान को लेकर पुलिस कर्मियों को दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा बालावाली सीमा, भागूवाला सीमा, कोटद्वार से सटी जाफरा चौकी, अमरोहा सीमा की चेकपोस्ट, दतियाना चेक पोस्ट सहित जिले की सभी सीमाओं पर रात में सघन चेकिग अभियान चलता रहा। डा. धर्मवीर सिंह ने बताया कि क्रिसमस तक लगातार जिले की सभी सीमाओं पर पुलिस की निगरानी रहेगी। हर रोज रात में सघन चेकिग अभियान चलेगा। उन्होंने बताया कि जिले शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीमा पर सख्त चेकिग के निर्देश जारी किए गए हैं।