बिजनौर में सफाईकर्मी पर जानलेवा हमले के बाद माहौल तनावपूर्ण, सड़कों पर उतरे लोग
सफाईकर्मी नवीन आज सुबह नजीबाबाद के पठानपुरा में सफाई कर रहा था। तभी उस पर हमला हो गया। पुलिस कहना है कि सफाई को लेकर हुए विवाद के बाद उस पर चाकुओं हमला बोल दिया गया।
बिजनौर (जेएनएन)। एक सफाईकर्मी पर जानलेवा हमले के बाद नजीबाबाद में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। यहां पर सांप्रदायिक तनाव जैसा माहौल है। लोग सड़कों पर उतरे हैं। सीओ के साथ एसडीएम फोर्स के साथ माहौल को संभालने में लगे हैं।
सफाईकर्मी नवीन आज सुबह नजीबाबाद के पठानपुरा में सफाई कर रहा था। तभी उस पर हमला हो गया। पुलिस कहना है कि सफाई को लेकर हुए विवाद के बाद उस पर चाकुओं हमला बोल दिया गया। हमलावर के मुस्लिम समुदाय के होने की वजह से तनाव है। नजीबाबाद के पठानपुरा निवासी नवीन की अनुकंपा नियुक्ति हुई थी।
नजीबाबाद में सफाई करने गए नगर पालिका के सफाईकर्मी युवक नवीन पर कुछ लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। मामला अलग-अलग संप्रदाय का होने के कारण नगर में तनाव फैल गया। सफाई कर्मचारियों ने मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे पर मालगोदाम तिराहे पर जाम लगा दिया। तनाव को देखते हुए आसपास का बाजार बंद हो गया।
नजीबाबाद के मोहल्ला पठानपुरा निवासी नवीन पुत्र सुभाष सवेरे करीब पांच बजे मोहल्ला जाब्तागंज में सफाई करने गया था। इस दौरान उस पर धारदार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया गया। घायल सफाई कर्मचारी को मेरठ रेफर किया गया है। उसके ऊपर हमले की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई है। हमलावर युवकों के दूसरे संप्रदाय का होने के कारण नगर में तनाव फैल गया।
सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी और झाड़ू लेकर मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे पर मालगोदाम तिराहे पर जाम लगा दिया। उन्होंने जमकर हंगामा काटा। इस दौरान आसपास का बाजार बंद हो गया। एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंच गए और जाम लगा रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। मामले को बढ़ता देख आसपास के थानों की पुलिस को भी मौके पर बुला लिया गया है।