जनपद में शांतिपूर्ण रही जुमे की नमाज
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में 20 दिसंबर को हुए बवाल के बाद प्रशासन कोई कोताही नहीं बरत रहा।
बिजनौर, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में 20 दिसंबर को हुए बवाल के बाद प्रशासन कोई कोताही नहीं बरत रहा। शुक्रवार को जुमे की नमाज के मद्देनजर पुलिस की गाड़ियां पेट्रोलिग करती रही। वहीं नगीना पुलिस ने कस्बे में पैदल मार्च किया। नमाज संपन्न होने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने राहत की सांस ली। बिजनौर जामा मस्जिद में शुक्रवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे जुमे की नमाज शुरू हुई। नमाज के दौरान पुलिस की गाड़ियां गश्त करती रही। नमाज समाप्त होने के बाद अकीदतमंद अपने-अपने घर लौट गए। इसके अलावा नगीना में जुमे की नमाज के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने पुलिस और भारत तिब्बत बार्डर पुलिस के साथ पैदल गश्त की।
संवाद सहयोगी, चांदपुर: नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के मद्देनजर शुक्रवार को पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। जामा मस्जिद से लेकर अन्य मस्जिदों पर भी पुलिस तैनात रही। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पूरे चांदपुर शहर की गतिविधियों को लेकर सजग रहे। कोई विवाद न हो, इसके लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। ऐसे में पुलिस दिन भर गश्त करती रही। पैदल गश्त के साथ-साथ गाड़ियों से भी पुलिस मुस्लिम आबादी के साथ-साथ मिश्रित आबादी में नजर रखे रही। हालांकि, इस दौरान शहर पूरी तरह शांत नजर आया। शहर में पूरी चहल पहल रही और बाजार में रौनक रही। नमाज के बाद भी पुलिस शहर में गश्त करती रही। सीओ राकेश श्रीवास्तव व कोतवाल लव सिरोही पुलिस बल के साथ गश्त पर रहे।