विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

NHAI की अनदेखी: हाईवे का अंडरपास बना तालाब, कीचड़ से होकर गुजर रहे लोग

By Anuj Kumar Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 28 Aug 2026 06:21 AM (GMT+05:30)

Bijnor News: मंडावली-गांवड़ी मार्ग पर हाईवे के नीचे बना अंडरपास पिछले तीन माह से जलभराव की समस्या से जूझ रहा ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. मंडावली-गांवड़ी अंडरपास जलमग्न।

  2. क्षेत्रवासियों ने दी आंदोलन की चेतावनी।

संवाद सूत्र, मंडावली (ब‍िजनौर)। ग्राम मंडावली से गांवड़ी को जाने वाले मार्ग पर हाईवे के नीचे बना अंडरपास इन दिनों ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण अंडरपास पिछले करीब तीन माह से जलभराव की समस्या से जूझ रहा है।

वर्तमान में स्थिति यह है कि अंडरपास तालाब में तब्दील हो चुका है और ग्रामीणों को पानी व कीचड़ के बीच से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। बार-बार अवगत कराने पर भी एनएचएआई इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है।

मंडावली-गांवड़ी मार्ग का यह अंडरपास आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है। लंबे समय से पानी भरा होने के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

पैदल निकलने वाले ग्रामीणों और स्कूली छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी अंडरपास से निकलना जोखिम भरा बना हुआ है।

कई गांवों को जोड़ता है मार्ग

मंडावली-गांवड़ी मार्ग कई गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ता है। इस रास्ते से ग्राम नारायणपुर रतन, सफियाबाद, टांडा रतन, नियामतपुर, गुढ़ा, जटपुरा बौंडा समेत अन्य गांवों के लोग आवागमन करते हैं। इसके अलावा यह मार्ग मोटा महादेव-भागूवाला बाईपास मार्ग से भी जुड़ा है। प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण और छात्र-छात्राएं इसी मार्ग से गुजरते हैं।

तीन माह से नहीं निकला पानी

ग्रामीणों का आरोप है कि अंडरपास में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। पानी की निकासी नहीं होने के कारण बारिश का पानी जमा होकर कीचड़ में तब्दील हो गया है। तीन माह से समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

एनएचएआई अधिकारियों से कार्रवाई की मांग

ग्रामीण सुनील कुमार, ललित कुमार, भूपेंद्र सिंह देशवाल, राजन सिंह, जितेंद्र सिंह, अजीत ढाका आदि ने एनएचएआई के अधिकारियों से अंडरपास में भरे पानी और कीचड़ से निजात दिलाने की मांग की है।
उनका कहना है कि पानी की निकासी के लिए प्रभावी व्यवस्था कराकर अंडरपास को आवागमन के लिए सुरक्षित बनाया जाना चाहिए। एनएचएआई के पीडी शंकेश शर्मा और एसडीओ विनोद उनियाल को कई बार काल की गई, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।

भाकियू अराजनीतिक के पदाधिकारियों ने भी अंडरपास में लंबे समय से पानी भरे होने की समस्या को लेकर एनएचएआई के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया था। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।