कर्नाटक में तैनात नायब सूबेदार की हृदय गति रुकने से मौत
गांव नवाबपुरा निवासी नायब सूबेदार की हृदय गति रुकने से मौत हो गई।
बिजनौर, जेएनएन: गांव नवाबपुरा निवासी नायब सूबेदार की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने से परिजनों व गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार देर रात तक शव गांव पहुंचने की उम्मीद है। सूबेदार की पत्नी मेरठ के गंगानगर में रहती हैं।
क्षेत्र के गांव नवाबपुरा निवासी 42 वर्षीय मनोज सिंह पुत्र जसवीर सिंह वर्ष 1999 में सेना में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह बेलगांव (कर्नाटक) में पांच-जाट रेजीमेंट में नायब सूबेदार के पद पर तैनात थे। मनोज के भाई पंकज ने बताया कि रविवार सुबह उन्हें दूरभाष पर सेना के अधिकारियों ने जानकारी दी, जिसमें बताया कि मनोज की हृदय गति रुक जाने से मृत्यु हो गई है। घटना की सूचना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार शव सोमवार देर रात तक पैतृक गांव नबाबपुरा पहुंचने की संभावना है। परिजनों ने बताया कि मनोज की पत्नी बच्चों की पढ़ाई के चलते गार्गी स्कूल के पास गंगानगर मेरठ में रह रही हैं। उन्हें भी सूचना दे दी गई है। परिजनों ने बताया कि शव आने के बाद रामगंगा घाट पर सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।