MP चंद्रशेखर की गाड़ी यातायात नियमों का उल्लंघन कर हाईवे पर दौड़ी, VIDEO में 'छत' पर दिखे सांसद और साइड में लटके गनर
सांसद चंद्रशेखर की गाड़ी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे छत से बाहर बैठे दिख रहे हैं ...और पढ़ें
HighLights
नगीना सांसद चंद्रशेखर की गाड़ी का 15 सेकंड का वीडियो हुआ वायरल।
इन दिनों बिजनौर पुलिस लोगों को कर रही है यातायात नियमों के प्रति जागरूक।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। एक 15 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसे आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना लोकसभा क्षेत्र के सांसद चंद्रशेखर की गाड़ी का बताया जा रहा है।
वीडियो के बारे में दावा किया जा रहा है कि इसमें सांसद छत (सनरूफ) का शीशा खोलकर ऊपर बैठे हैं, जबकि दोनों और उनके सुरक्षा कर्मी लटके हुए हैं।
वीडियो वायरल होने पर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। वीडियो मेरठ पौड़ी नेशनल हाईवे पर गांव स्वाहेड़ी के पास का तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो उस समय सामने आया है कि जब पुलिस प्रशासन यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान चला रहा है।
इस संबंध में यातायात प्रभारी रवि नैन ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन का चालान करने के लिए सक्षम अधिकारी से अनुमति ली जा रही है।
यातायात नियमों के प्रति लोगों को किया जागरूक
शेरकोट: बिजनौर पुलिस ने नेशनल हाईवे पर स्थित हरेवली तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरुक किया। साथ ही हेलमेट लगाकर दोपहिया वाहन चलाने के महत्व के बारे में जानकारी दी।
बुधवार शाम पुलिस ने हरेवली तिराहे पर सुरक्षा को लेकर अभियान चलाया। इस मौके पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों को रोककर हेलमेट के महत्व और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया। थानाध्यक्ष रामप्रताप सिंह ने बताया कि तिराहे से गुजर रहे दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की सलाह दी।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट मिले दस चालकों को पुलिस की ओर से हेलमेट वितरित किए गए। पुलिस ने चालकों से सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने और अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट का नियमित इस्तेमाल करने को प्रेरित किया।
