विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजनौर में गुलदार ने हमला कर महिला को मार डाला, खेत में मिला शव; ग्रामीणों ने दिया धरना

By Navneet Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 10 Sep 2026 06:11 PM (GMT+05:30)

बिजनौर के किरतपुर क्षेत्र में गुलदार ने एक महिला पर हमला कर उसे मार डाला, जिसके बाद ग्रामीणों ने विरोध ...और पढ़ें

HighLights

  1. बिजनौर के गांव राजारामपुर फाजिल में हुई घटना।

  2. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने दिया धरना

संवाद सूत्र, किरतपुर (बिजनौर)। किरतपुर क्षेत्र के ग्राम राजारामपुर फाजिल उर्फ आलोपुर में गुरुवार सुबह गुलदार ने हमला कर एक महिला काे खेत में लेकर मार डाला। इस दौरान ग्रामीणों ने शोर भी मचाया, लेकिन गुलदार महिला को खींच ले गया। बाद में ग्रामीणों ने एकत्रित होकर गुलदार (तेंदुआ) को खेत से भगाया।

इसके बाद ग्रामीणों ने गुलदार को पकड़वाने की मांग करते हुए पुलिस के सामने धरना शुरू कर दिया और शव नहीं उठने दिया। काफी समझाने के बाद पुलिस ने घटना के करीब चार घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। महिला मानसिक रूप से कमजोर थी और उसकी शादी भी नहीं हुई थी।

गांव निवासी 45 वर्षीय बबीता पुत्री ओमप्रकाश गुरुवार सुबह करीब सात बजे गांव के बाहरी छोर पर स्थित अपने घेर के पास खड़ी थीं। इसी दौरान वहां अचानक खेत से निकलकर आए गुलदार ने महिला पर हमला कर दिया और उसे खींचकर ले जाने लगा। महिला पर गुलदार द्वारा हमला होता देख ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई।

ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए गुलदार का पीछा किया। ग्रामीणों के शोर से गुलदार महिला को गांव के समीप गन्ने के खेत में छोड़कर भाग गया। ग्रामीण जब खेत में पहुंचे तो बबीता की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम गांव पहुंची। घटना के बाद मृतका के स्वजन, ग्रामीण और भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के स्थानीय कार्यकर्ता मौके पर एकत्र हो गए।

ग्रामीणों ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से इंकार कर दिया। ग्रामीणों का कहना थाकि पहले हमलावर गुलदार को पकड़ा जाए। इसके बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। हालांकि करीब 11 बजे ग्रामीण मान गए और शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वन रेंजर रामकुमार ने बताया कि वन विभाग के टीम ड्रोन उड़ाकर गुलदार की लोकेशन ट्रेस कर रहे है। गुलदार को ट्रंकुलाइजर करने की टीम को भी बुला लिया गया है।

पिंजरे में नहीं बांधते शिकार, कैसे फंसेगा गुलदार

भाकियू अराजनैतिक के तहसील महासचिव ग्रामीण पवन कुमार ने आरोप लगाया कि गांव के आसपास कई दिन से चार-पांच गुलदार घूमते हुए दिखाई दे रहे थे। कुछ दिन पूर्व गुलदार ने एक बछड़े को भी मार डाला था। उन्होंने वन विभाग से कई बार गुलदार को पकड़वाने कि मांग की थी। इस पर वन विभाग ने गांव के बाहर पिंजरा भी लगवाया था। लेकिन पिंजरे मे कोई शिकार नहीं बांधने से गुलदार नहीं फंस सका। ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने वन दारोगा पर भी लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।