उन्नत तकनीक व फसल सुरक्षा की जानकारी
नेशनल मिशन फॉर सस्टेनेबल एग्रीकल्चर योजना के तहत चल रहे मृदा स्वास्थ्य कार्ड अभियान में चयनित गांव शाहपुर लाल में मंगलवार को रबी कृषक गोष्ठी का आयोजन हुआ।
बिजनौर, जेएनएन : नेशनल मिशन फॉर सस्टेनेबल एग्रीकल्चर योजना के तहत चल रहे मृदा स्वास्थ्य कार्ड अभियान में चयनित गांव शाहपुर लाल में मंगलवार को रबी कृषक गोष्ठी का आयोजन हुआ। गोष्ठी में अधिकारियों ने रबी मौसम में बोयी जाने वाली फसलों की उन्नत तकनीक एवं फसल सुरक्षा के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी।
गोष्ठी को विधायक पति व भाजपा नेता एश्वर्य चौधरी उर्फ मौसम ने कहा कि सरकार से किसान हित में अनेक योजनाएं चलाई जा रही है। किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र, सोलर पंप व प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से आर्थिक सहयोग भी किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वह सरकार से कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उप कृषि निदेशक जेपी चौधरी ने किसान सम्मान निधि के नवीन पंजीकरण व पंजीकरण में संशोधन के संबंध में जानकारी देते हुए अवगत कराया कि वह अपना पंजीकरण व पंजीकरण में संशोधन राजकीय कृषि निवेश भण्डार व उप कृषि निदेशक कार्यालय पर प्रतिदिन करा सकते हैं। जनपद के चार लाख उन्नतीस हजार किसानों का पंजीकरण कर डाटा लॉक किया जा चुका है। अवशेष किसानों के पंजीकरण का कार्य शीघ्र पूरा हो जायेगा। आत्मा प्रभारी योगेन्द्र पाल सिंह योगी ने किसानों को भारतीय नस्ल की गायों की विशेषता बताते हुए जैविक खेती के बारे में बताया। सहायक विकास अधिकारी कृषि रक्षा मदनपाल सिंह ने फसल सुरक्षा की जानकारी दी। सहायक विकास अधिकारी कृषि ने रबी मौसम की फसलों के बीजों पर दिये जा रहे अनुदान के सम्बन्ध में जानकारी दी। गोष्ठी का संचालन देशराज सिंह ने किया। गोष्ठी में ग्राम प्रधान रामगोपाल सिंह, प्राविधिक सहायक राजेन्द्र कुमार, पुष्पेन्द्र कुमार, बीटीएम अमित सिंह, एटीएम प्रशान्त कुमार, विपुल शर्मा आदि उपस्थित रहे।