पति की दीर्घायु के लिए सुहागिनों ने रखा निर्जल व्रत
नजीबाबाद: शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में करवाचौथ पर्व परंपरागत ढंग से मनाया गया। पति
नजीबाबाद: शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में करवाचौथ पर्व परंपरागत ढंग से मनाया गया। पति की दीर्घायु के लिए निर्जल व्रत रखने वाली सुहागिनों ने मंदिर में करवाचौथ व्रत की कथा सुनी।
आदर्शनगर स्थित शिव मंदिर परिसर में शनिवार शाम सुहागिनें एकत्र हुईं। परंपरागत पूजा-अर्चना करते हुए महिलाओं ने करवाचौथ व्रत की कथा सुनी। साथ ही ईश्वर से पति के अखंड सौभाग्य की कामना की। दिन ढलने पर सोलह श्रृंगार कर सुहागिनें करवाचौथ का चांद देखने के लिए घर की छतों पर पहुंच गईं। महिलाओं ने चांद देखने के साथ पति के हाथों से पानी पीकर व्रत खोला। पति-पत्नी ने मिलकर सुखद दांपत्य जीवन की ईश्वर से प्रार्थना की। त्योहार पर स्मार्ट फोन ने चार चांद लगाए। हंसते-खिलखिलाते चेहरों को पति-पत्नी ने अपने अपने स्मार्ट फोन में कैद कर लिया। इससे पहले बाजार में खरीदारी के लिए महिलाओं की खासी भीड़ रही। वस्त्र, आभूषण एवं उपहार की दुकानों पर खासी रौनक रही। ब्यूटी पार्लर पर तो जैसे मेले जैसा आलम रहा।