फिल्मी स्टाइल में लड़की को उठाया, लोगों ने मचाया अपहरण का शोर... सच जान लोग रह गए हक्के-बक्के
चांदपुर में रोडवेज स्टैंड से फिल्मी स्टाइल में एक लड़की को कार सवारों ने उठाया, जिसे लोगों ने अपहरण समझा ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
चांदपुर रोडवेज स्टैंड से फिल्मी स्टाइल में लड़की को उठाया गया।
लोगों ने अपहरण समझकर पुलिस को सूचना दी, कार रोकी गई।
जांच में जयपुर पुलिस द्वारा चोरी के मामले में गिरफ्तारी निकली।
संवाद सहयोगी, चांदपुर (बिजनौर)। रोडवेज स्टैंड से इनोवा कार सवार कुछ लोगों द्वारा लड़की को फिल्मी स्टाइल में उठा लिया गया। कुछ देर बाद गाड़ी को नूरपुर रोड की ओर दौड़ा दिया। वहां खड़े कुछ युवकों ने कार का पीछा किया और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कार को रोका लिया। जांच में पता चला कि सभी जयपुर के पुलिस कर्मी थे और चोरी के मामले में लड़की को उठाया था। जांच के बाद टीम लड़की को लेकर चली गई।
गुरुवार को एक इनोवा कार अचानक रोडवेज स्टैंड के बाहर आकर रुकी। इसमें चार से पांच लोग सवार थे, उनमें एक महिला भी थी। सभी लोग अलग-अलग जगह खड़े हुए और महिला इधर-उधर टहलने लगी। कुछ देर बाद महिला ने स्टैंड पर एक चाय के ठेले के पास बैठी लड़की की ओर इशारा किया। तभी कार तेजी के साथ स्टैंड में पहुंची और लड़की को उसमें बैठा लिया। फिर तेजी के साथ अन्य लोग भी उसमें बैठ गए। यह नजारा वहां खड़े कुछ युवक देख रहे थे।
इनोवा पहले चौधरी चरण सिंह चौक पर धीमी हुई और फिर नूरपुर रोड की ओर चली गई। इसी बीच यह सब देख रहे युवकों ने इनोवा कार का पीछा करते हुए कोतवाली पुलिस को लड़के के अपहरण की सूचना दे दी। बाइक व गाड़ी में सवार होकर कोतवाली की पुलिस नूरपुर रोड पर पहुंची और इनोवा को रोक लिया। जांच पड़ताल की तो इनोवा सवार सभी लोग जयपुर पुलिस कर्मी थे।
पुलिस सभी को कोतवाली लेकर पहुंची। क्राइम इंस्पेक्टर दिनेश यादव ने बताया कि जांच में पता चला कि इनोवा सवार सभी जयपुर के एमएसएस अस्पताल थाने की पुलिस टीम थी। सभी के पास आईडी भी थी। एसआई सूरजमल के नेतृत्व में वह यहां पहुंचे थे। बताया कि जयपुर में बड़ी चोरी हुई थी, जिसमें मुरादाबाद के उमरी क्षेत्र की एक लड़की का नाम सामने आया था।
