IAS उमेश प्रताप सिंह बिजनौर के नए DM, जसजीत कौर का हुआ तबादला
Bijnor News: बिजनौर की जिलाधिकारी जसजीत कौर का तबादला हो गया है। उमेश प्रताप सिंह को जिले का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

IAS उमेश प्रताप सिंह और IAS जसजीत कौर I फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, बिजनौर। शासन ने सोमवार की देर रात जिलाधिकारी बिजनौर का स्थानांतरण कर दिया। बिजनौर की डीएम रही जसजीत कौर ने 18 जनवरी 2025 को बिजनौर का पदभार ग्रहण किया था। उनके कार्यकाल में रावली तटबंध बनाया गया और गंगा किनारे बसे लोगों को पिछले कई सालों से आ रही बाढ़ से मुक्ति मिली।
ऐसे ही जसजीत कौर को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम और वोटर मैपिंग के दौरान उत्कृष्ट कार्य व प्रशिक्षण के लिए राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित भी किया गया। अब उनको प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रानिक्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड की जिम्मेदारी दी गई है।
उधर, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के विशेष सचिव रहे उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर का नया डीएम बनाया गया है। उमेश प्रताप सिंह इससे पहले 2022 में शाहजहांपुर के डीएम भी रहे। साथ ही उत्तर प्रदेश राज्य नगरीय विकास अभिकरण यानी के निदेशक पद पर तैनात रहे है। वह 2012 बैच के आईएएस अधिकारी है।
