गर्मी और उमस ने ढहाया सितम, लोग बेबस
पिछले कई दिनों से गर्मी का सितम बढ़ता ही जा रहा है। भीषण गर्मी व उमस से आम जनजीवन पर खासा असर पड़ा है।
बिजनौर जेएनएन। पिछले कई दिनों से गर्मी का सितम बढ़ता ही जा रहा है। भीषण गर्मी व उमस से परेशान जनमानस को कोई राहत नहीं मिल रही है। रविवार सुबह से ही गर्मी व उमस ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया था। भीषण गर्मी के बीच दस बजे से मौसम में थोड़ी हवा चलने से राहत मिली, लेकिन सूर्यदेव की तपिश व उमस के आगे हवा भी बेअसर दिखाई दी। तापमान हर दिन बढ़ रहा है, दोपहर के समय तो स्थिति बेहद गर्म रहती है। चिलचिलाती धूप, गर्मी और उमस लोगों को झुलसा रही है। ऐसे में लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। जिसका असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है। जनपद का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
वहीं चांदपुर में गर्मी का सितम लगातार जारी है। बढ़ते पारे और तल्ख धूप के बीच लोग बिलबिलाने को मजबूर हैं। ऐसे में लोग घरों से निकलने में बच रहे हैं। जून का महीना लगभग आधा बीत चुका है। लेकिन, पिछले कुछ दिनों से मौसम बेहद गर्म हो रहा है। देखने में आ रहा था कि मई और जून की शुरूआत में मौसम गर्म नहीं रहा। लेकिन मौजूदा समय में गर्मी बेबस कर रही है। सुबह के बाद दिन बढ़ते ही गर्मी अपना रंग दिखाना शुरू कर रही है। चिलचिलाती धूप के साथ उमस हावी हो रही है, वहीं दोपहर का हाल तो जैसे झुलसा देने वाला हो रहा है। सूर्य की तपिश के बीच घरों से निकलना मुश्किल भरा रहा। ऐसे में रोजमर्रा काम पर जाने वाले लोगों की तो ओर भी बुरी हालत है। तापमान 40 के पार पहुंच रहा है। ऐसे में दिन के समय सड़कों पर आवाजाही कम नजर आ रही है। बच्चे व युवा ट्यूबवैलों की ओर रूख कर रहे हैं और पानी में मस्ती करते हुए गर्मी से राहत लेते नजर आ रहे हैं। हालांकि, रविवार को बीच-बीच में आसमान में बादल तो छाए रहे, लेकिन उमस और गर्मी का असर कम नहीं हुआ।