विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजनौर: भागूवाला टोल प्लाजा पर टैक्स की वसूली शुरू, 20 KM दायरे वालों को मासिक पास, अन्य वाहनों के कितने रुपये लगेंगे?

By Anuj Kumar Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 21 Sep 2026 07:02 PM (IST)

बिजनौर के भागूवाला टोल प्लाजा पर टोल वसूली शुरू हो गई है। 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय लोगों के लिए 360 रुपये का मासिक पास उपलब्ध होगा।

भागूवाला स्थित टोल प्लाजा से गुजरते वाहन। जागरण

भागूवाला स्थित टोल प्लाजा से गुजरते वाहन। जागरण

HighLights

  1. भागूवाला टोल प्लाजा पर विभिन्न वाहनों के लिए टोल दरें निर्धारित।

  2. 20 किमी दायरे के स्थानीय लोगों को 360 रुपये का मासिक पास।

  3. हरिद्वार-काशीपुर हाईवे का उत्तराखंड हिस्सा अभी अधूरा है।

संवाद सूत्र, बिजनौर। भागूवाला टोल प्लाजा पर सर्वाधिक ओवरसाइज वाहन से सर्वाधिक 885 रुपये तो कार से सबसे कम 135 रुपये टोल वसूला जाएगा। यह धनराशि 24 घंटे के भीतर आवागमन के लिए निर्धारित है।

इसके अलावा 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले लोगों के लिए केवल 360 रुपये में मासिक पास बनाया जाएगा, जिससे वे आवागन कर सकते हैं। हालांकि हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है और टोल प्लाजा शुरू कर दिया गया।

भागूवाला टोल प्लाजा पर निर्धारित दरों के अनुसार कार, जीप, वैन या हल्के मोटर वाहन से एक तरफ यात्रा के लिए 150 रुपये, उसी दिन वापसी यात्रा के लिए 220 रुपये तथा 50 यात्राओं वाले मासिक पास के लिए 3045 रुपये शुल्क निर्धारित है। जिले में पंजीकृत वाणिज्यिक वाहनों के लिए एक तरफ की यात्रा का शुल्क 45 रुपये रखा गया है।

टोल मैनेजर अमित कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश के हिस्से में हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे का काम पूरा हो चुका है, जबकि उत्तराखंड की तरफ वाला हिस्सा अभी तक पूरा नहीं बना है। इसलिए वाहनों से केवल चिड़ियापुर तक का ही टोल वसूला जा रहा है। हाईवे कंप्लीट होने पर शुल्क में बढ़ोतरी की जाएगी।

ऐसे होगी टाेल वसूली

  • हल्के वाणिज्यिक वाहन, हल्के माल वाहन या मिनी बस के लिए एक तरफ 245 रुपये, वापसी 370 रुपये तथा 50 यात्राओं का मासिक पास 4920 रुपये है। जिले में पंजीकृत वाणिज्यिक वाहन के लिए शुल्क 75 रुपये है।
  • बस या दो एक्सल तक के ट्रक के लिए एक तरफ 310 रुपये, वापसी 465 रुपये तथा मासिक पास 10,310 रुपये निर्धारित है। स्थानीय वाणिज्यिक वाहन के लिए शुल्क 155 रुपये है।
  • तीन एक्सल वाले वाणिज्यिक वाहन के लिए एक तरफ 335 रुपये, वापसी 505 रुपये और मासिक पास 11,250 रुपये है। जिले में पंजीकृत वाहन के लिए शुल्क 170 रुपये है।
  • चार से छह एक्सल वाले भारी निर्माण उपकरण, अर्थ मूविंग उपकरण अथवा मल्टी एक्सल वाहन के लिए एक तरफ 485 रुपये, वापसी 730 रुपये और मासिक पास 16,170 रुपये है। स्थानीय वाणिज्यिक वाहन के लिए शुल्क 245 रुपये है।
  • सात या अधिक एक्सल वाले ओवरसाइज वाहन के लिए एक तरफ 590 रुपये, वापसी 885 रुपये और मासिक पास 19,685 रुपये निर्धारित किया गया है। जिले में पंजीकृत वाणिज्यिक वाहन के लिए शुल्क 295 रुपये है।

स्थानीय गैर-वाणिज्यिक वाहनों को 360 रुपये में मासिक पास

  • टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर की दूरी के भीतर रहने वाले स्थानीय गैर-वाणिज्यिक वाहन स्वामियों के लिए 360 रुपये का मासिक पास निर्धारित किया गया है। यह पास स्थानीय नागरिकों के लिए लागू होगा।

राष्ट्रीय परमिट वाले वाहनों पर अलग व्यवस्था

  • शुल्क सूची में स्पष्ट किया गया है कि जिले में पंजीकृत वाणिज्यिक वाहनों के लिए निर्धारित स्थानीय शुल्क एक तरफ की यात्रा के लिए है। यह व्यवस्था राष्ट्रीय परमिट के तहत संचालित वाहनों पर लागू नहीं होगी।