शादी के वादे से मुकरा प्रेमी तो उसके घर पहुंच गई प्रेमिका, बिजनौर में हाई-वोल्टेज ड्रामा; पुलिस तक पहुंचा मामला
Bijnor News: चांदपुर के एक गांव में प्रेमिका शादी की मांग को लेकर प्रेमी के घर पहुंच गई, जिससे हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया।

AI जेनरेटिड फोटो
HighLights
बिजनौर के एक ही गांव के हैं युवक व युवती।
पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली लाई।
संवाद सहयोगी, चांदपुर (बिजनौर)। चांदपुर क्षेत्र के गांव में उस समय हंगामा खड़ा हाे गया, जब प्रेमिका शादी की मांग करते हुए प्रेमी के घर जा पहुंची। प्रेमी के स्वजन ने उसे समझाया, लेकिन वह शादी की जिद पर अड़ी रही। बाद में प्रेमिका के स्वजन भी वहां पहुंचे तो विवाद बढ़ गया।
पुलिस भी वहां पहुंच गई और दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। काफी प्रयास के बाद प्रेमिका को उसके स्वजन के साथ भेज दिया गया, जबकि प्रेमी को पुलिस ने शांति भंग की धारा में चालान कर दिया।
एक गांव निवासी युवती का गांव के ही दूसरी जाति के युवक से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों बालिग हैं। बताया जाता है कि दोनाें काफी समय से मिलते रहते थे और एक दूसरे से शादी का वादा भी कर रखा था। मामला जब दोनों के स्वजन के पास पहुंचा तो शादी से साफ इनकार कर दिया गया। रविवार देर रात युवती अचानक प्रेमी के घर पहुंच गई और डेरा डाल दिया।
युवक के स्वजन ने उसे समझाया, लेकिन वह उससे शादी की जिद पर अड़ गई। मामला एक ही गांव से जुड़ा होने के चलते युवती के स्वजन भी वहां पहुंच गए। बताया जाता है कि उन्होंने युवती की पिटाई शुरू कर दी। जिसके बाद अन्य ग्रामीण वहां पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई।
साेमवार को भी दोनों पक्षों के साथ ग्रामीण भी वहां पहुंचे और घंटों वार्ता चली। काफी समझाने पर प्रेमिका स्वजन के साथ जाने पर मान गई। कोतवाल राहुल सिंह ने बताया कि गांव के ही युवक व युवती के बीच प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया था। दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे। जिसके बाद युवती को उसके स्वजन के साथ भेज दिया गया। जबकि, युवक का शांति भंग की धारा में चालान कर दिया गया है।
