कड़ाके की ठंड में कंपकपाता रहा जनपद
दिन-प्रतिदिन मौसम का मिजाज बदल रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण जिले का तापमान में गिरावट आ रही है।
बिजनौर, जेएनएन। दिन-प्रतिदिन मौसम का मिजाज बदल रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण जिले का तापमान में गिरावट आ रही है। शीतलहर एवं आसमान में कोहरा छाने से लोग ठंड कंपकपाते रहे। दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं होने से शीतलहर लोगों को ठंड का एहसास कराती रही। दिनभर हवा के साथ ठिठुरन और मौसम में कोहरे की धुंध छाई रही है। शाम को पांच बजे के बाद सर्दी का सितम और बढ़ गया। सुबह और शाम के समय ठिठुरन के चलते लोग समय से ही घरों में कैद होने को मजबूर हो रहे हैं। ठंड का असर बाजार में दिखाई देने लगा है। शाम होते ही बाजारों की रौनक कम हो रही है। सुबह के समय बच्चें ठिठुरते हुए स्कूल पहुंच रहे है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। जिससे न्यूनतम तापमान 07 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं जिले का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा।
संवाद सहयोगी, चांदपुर: सर्दी का सितम मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। सोमवार की तरह मंगलवार को भी कोहरे की धुंध आसमान में छाई रही और शीत लहर चलती रही। मंगलवार को दिन सोमवार से अधिक ठंडा रहा। जिससे लोग घरों में कैद नजर आए। धुंध के चलते लोग दिन के समय ही वाहनों की लाइट जलाकर गुजरे। वहीं, चार बजे के बाद सड़कों पर अंधेरा से छा गया। सोमवार को अचानक सर्दी ने अपना रंग दिखा दिया था। जिसका असर मंगलवार को भी जारी रहा। सुबह से ही मौसम में पाला और ठंड का पहरा रहा। सुबह से लेकर शाम तक आसमान में धुंध छाई रही और सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। जगह-जगह लोग अलाव जलाकर तापते नजर आए। दुपहिया वाहनों पर लोग स्वयं को ढककर गुजरते दिखाई दिए। बाजार में रौनक कम ही नजर आई। शाम होते-होते ठंड का असर और बढ़ा दिखा। चार बजे के बाद लोग सड़कों पर वाहनों की लाइट जलाकर गुजरते हुए दिखाई दिए। पांच बजते-बजते अंधेरा से छा गया। उधर, सर्दी के चलते स्कूली बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे और दोपहर में छुट्टी के समय भी ठंड के बीच जकड़े दिखाई दिए। वहीं, कार्यालयों में भी लोगों का आवागमन कम नजर आया।