हर्षोल्लास से मनाया गया दशहरा का पर्व
जिले के चांदपुर क्षेत्र में शुक्रवार को दशहरा पर्व नगर व क्षेत्र में धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया। पर्व के अवसर पर सुबह के समय पूजा-अर्चना हुई। उसके बाद लोगों ने परंपरा में शामिल रायता-चावल भोज का आनंद लिया। वहीं नगर में रामलीला मैदान में आयोजित दशहरा मेले में भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
बिजनौर, जेएनएन। जिले के चांदपुर क्षेत्र में शुक्रवार को दशहरा पर्व नगर व क्षेत्र में धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया। पर्व के अवसर पर सुबह के समय पूजा-अर्चना हुई। उसके बाद लोगों ने परंपरा में शामिल रायता-चावल भोज का आनंद लिया। वहीं, नगर में रामलीला मैदान में आयोजित दशहरा मेले में भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
शुक्रवार को दशहरा पर्व पर घरों में विशेष पूजन किया गया। जहां लोगों ने शस्त्र पूजन किया। वहीं, हवन व यज्ञ भी आयोजित किए गए। साथ ही बहनों ने भी भाइयों का तिलक कर उनकी लंबी उम्र की कामना की। घरों में दशहरा का विशेष भोज रायता चावल भी तैयार किया गया। वहीं, नगर के रामलीला मैदान में लगने वाले दशहरा मेले में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। क्षेत्र के दूरदराज के गांवों से लोगों की भीड़ भैंसा-बुग्गियों व ट्रैक्टर-ट्रालियों से मेले में पहुंची। बता दें कि चांदपुर में लगने वाला दशहरा मेला दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। इस दौरान पुलिस-प्रशासन भी सतर्क नजर आया।
उधर, नूरपुर में रामलीला मैदान में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आकांक्षा चौहान एवं राशु चौहान ने किया। समिति के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि को पगड़ी बांधकर तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया। श्रीराम के हाथों लंकापति रावण की मृत्यु के साथ रावण एवं मेघनाद के पुतलों के दहन के साथ कार्यक्रम का समापन हो गया। प्रणय मनु गुप्ता के संचालन में हुए कार्यक्रम में नवीन कुमार, नवनीत कुमार, संजीव विकल, धर्मेंद्र जोशी, संदीप जोशी, लोकेश कुमार, ऋषभ शर्मा एवं पवन यादव ने हिस्सा लिया।
वहीं, रतनगढ़ क्षेत्र में दशहरे का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर लोगों ने घरों में हवन कर भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना की। क्षेत्र के गांव सुनगढ़, रामोरूपपुर, उमरा बुजुर्ग, हैजरपुर भट्ट, सीमला, सहवाजपुर सहित आदि गांवों में दशहरा धूमधाम से मनाया गया। क्षत्रिय समाज के लोगों ने शस्त्र पूजन किया।