रोडवेज डिपो में पेयजल संकट, यात्री-कर्मचारी परेशान
बिजनौर जेएनएन। रोडवेज डिपो परिसर में पिछले कुछ दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप है। डिपो का स
बिजनौर, जेएनएन। रोडवेज डिपो परिसर में पिछले कुछ दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप है। डिपो का सबमर्सिबल खराब होने के कारण पानी की किल्लत बन गई है। न तो रोडवेज कर्मी और न ही यात्रियों को आसानी से पानी मिल पा रहा है। डिपो परिसर में लगे एकमात्र हैंडपंप पर ही पूरी व्यवस्था निर्भर है। वहीं, बसों की सफाई व धुलाई भी नहीं हो पा रही है। शौचालय बदहाल पड़े हैं। कर्मचारियों एवं यात्रियों ने स्थिति पर रोष व्यक्त किया है।
नजीबाबाद रोडवेज डिपो से 70 से अधिक बसें संचालित होती हैं। यहां से रोजाना सैकड़ों लोग बसों से आवागमन करते हैं। डिपो पर दो दर्जन से ज्यादा कर्मचारी भी हर समय रहते हैं। पीने एवं अन्य उपयोग के लिए हर समय पानी की आवश्यकता रहती है। डिपो परिसर में शौचालयों और बसों की धुलाई में भी पानी का उपयोग होता है। पिछले तीन दिन से यह सभी व्यवस्थाएं चरमराई हुई हैं। डिपो परिसर में पेयजल के स्टेंड पोस्ट सूखे पड़े हैं। शौचालय बदहाल पड़े हैं और कोविड-19 के दौर में भी बसों की सफाई व धुलाई नहीं हो पा रही है। एकमात्र हैंडपंप के भरोसे ही समूची व्यवस्था चल रही है। डिपो पर बसों की प्रतीक्षा में बैठे लोगों और कुछ रोडवेजकर्मियों ने भी पानी के अभाव पर रोष व्यक्त किया। वहीं, डिपो के एआरएम प्रभात चौधरी ने बताया कि सबमर्सिबल खराब होने के कारण समस्या उत्पन्न हुई। पंप मेंटिनेंस कर रामपुर से मंगाया जा रहा है। संभवत: बुधवार तक पेयजल व्यवस्था को बहाल कर दिया जाएगा।