बिजनौर में पीली नदी पर पुल निर्माण का सपना साकार, फाउंडेशन तैयार और पिलर का काम भी पकड़ रहा गति
बिजनौर में पीली नदी पर 7.07 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा पुल 50% से अधिक पूरा हो चुका ...और पढ़ें

भूतपुरी में गांव रफेतपुर हुल्लास के निकट पीली नदी पर निर्माणाधीन पुल। जागरण
HighLights
बिजनौर में पीली नदी पर 7.07 करोड़ की लागत से बन रहा पुल 50% से पूरा
रफेतपुर हुल्लास सहित कई गांवों को मिलेगी दशकों पुरानी समस्या से मुक्ति।
किसानों, बच्चों, मरीजों के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित।
संवाद सूत्र, भूतपुरी (बिजनौर)। गांव रफेतपुर हुल्लास के निकट पीली नदी पर पुल निर्माण का सपना अब पूरा होने जा रहा है। करीब सात करोड़ सात लाख रुपये की लागत से बन रहे 54 मीटर लंबे और आठ मीटर चौड़े पुल का 50 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। पुल के फाउंडेशन तैयार हो गए हैं और पिलर का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। कुछ समय पहले बरसात के कारण नदी का पानी आ जाने से फिलहाल निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है।
पुल पूरा होने के बाद रफेतपुर हुल्लास समेत सुआवाला, मकसुदाबाद, न्यादरी, बेरखेड़ा, शेरगढ़, जटपुरा, महावतपुर सहित गांवों के लोगों को कई दशक पुरानी समस्या से निजात मिलेगी। पीली नदी पर पुल नहीं होने से ग्रामीणों को नदी पार करने के लिए पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। सामान्य दिनों में नदी में पानी कम रहने के कारण किसी तरह आवागमन होता है, लेकिन बरसात में नदी का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों के सामने जान जोखिम में डालकर नदी पार करने की मजबूरी रहती है।
किसानों की राह होगी आसान
नदी के पार बड़ी संख्या में किसानों के खेत हैं। खेतों तक पहुंचने और वहां से फसल लाने में काफी परेशानी होती है। ट्रैक्टर-ट्राली समेत कृषि वाहनों को नदी पार कराने में भी दिक्कत आती है। पुल बनने के बाद किसानों को सालभर सुरक्षित रास्ता मिलेगा और फसल की ढुलाई आसान होगी। वहीं पुल बनने से स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
बरसात के दिनों में नदी के कारण आवागमन बाधित होने की समस्या दूर होगी। आपात स्थिति में एंबुलेंस और अन्य वाहनों की आवाजाही भी सुगम हो सकेगी।
वैल फाउंडेशन तैयार हैं और स्ट्रक्चर का कार्य चल रहा है
पुल का 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। वैल फाउंडेशन तैयार हैं और स्ट्रक्चर का कार्य चल रहा है। बरसात के कारण फिलहाल कार्य प्रभावित हुआ है। जल्द निर्माण कार्य तेजी से कराया जाएगा।
--एचएस शर्मा, एई, लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड नजीबाबाद।
