VIDEO: चौकी में बज रहे थे देशभक्ति गीत, बस; यूं ही वृद्धा पहुंचीं और झूम उठीं... 25 लाख से ज्यादा लोग देख चुके वीडियो
बिजनौर की बेगावाला पुलिस चौकी में देशभक्ति गीत बजने पर एक बुजुर्ग महिला अत्री देवी ने खूब नृत्य किया, जिसमें ...और पढ़ें
HighLights
बिजनौर की चौकी में अत्री देवी ने किया देशभक्ति गीतों पर नृत्य।
पुलिसकर्मी भी बुजुर्ग महिला के साथ मिलकर खूब नाचे।
संवाद सूत्र, बेगावाला (बिजनौर)। आमतौर पर पुलिस चौकी में जाने से आम लोग घबराते हैं, लेकिन बेगावाला चौकी में देशभक्ति गीत बजते देख अत्री देवी खुद को रोक नहीं सकीं। वे म्यूजिक सिस्टम पर बज रहे गीतों पर झूम उठीं और पुलिस चौकी में पहुंच खूब नृत्य किया। उन्हें गीतों पर झूमता देख एक दो सिपाही भी खुद को रोक नहीं पाए और वे भी अत्री देवी के साथ नाचने लगे। किसी ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। अब उक्त वीडियो को 2.5 मिलियन से अधिक लोग देख चुके हैं। इसे बहुत पसंद किया जा रहा है। यूं यह मामला कुछ ज्यादा चर्चाओं में आ गया।
हुआ यूं कि शनिवार को जिलेभर में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। सरकारी संस्थाओं से लेकर स्कूल-कालेज और आम जनता ने भी कार्यक्रम किए। लोगों ने गली मुहल्लों में भी म्यूजिक सिस्टम लगाए। शहर कोतवाली के अंतर्गत बेगावाला पुलिस चौकी में भी म्यूजिक सिस्टम लगाया गया था। म्यूजिक सिस्टम पर सुबह से ही देशभक्ति गीत बज रहे थे। चौकी के पीछे ही गांव बड़ा इटावा निवासी अत्री देवी पुलिस चौकी के पास किसी काम से आईं थीं।
देशभक्ति गीतों को सुनकर वे बिना किसी झिझक के पुलिस चौकी के अंदर पहुंच गईं और घूम-घूमकर नाचने लगीं। पुलिसकर्मियों ने भी इस पर कोई एतराज नहीं किया, बल्कि वे अत्री देवी को देखकर खुश होते रहे। वहां तैनात सिपाही भी अत्री देवी के साथ नाचने लगे। सिपाही राहुल कुमार और अन्य सिपाही भी नाचे। लोगों ने इसकी वीडियो बनाकर इंटरनेट पर डाली जो बहुत जल्दी वायरल हो गई। एक व्यक्ति द्वारा डाली गई इस वीडियो को 2.5 मिलियन यानि 25 लाख से अधिक लोगों ने देखा है।
लगभग एक घंटे बाद जब अत्री देवी थक कर बैठ गईं तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें चाय पिलाई और घर ले जाने के लिए मिठाई दी। चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार के अनुसार अत्री देवी को पुलिस चौकी में आकर देशभक्ति गीतों पर झूमता देखकर सभी को बहुत अच्छा लगा। पुलिस ने सभी के साथ देश की आजादी के पर्व को मनाया।
