यूपी की महिला की मुंबई में हत्या, तीन बच्चों को छोड़ प्रेमी संग फरार रुखसाना का बांद्रा में कूड़े के ढेर से मिला शव
बिजनौर की रुखसाना, जो प्रेमी मोहम्मद साकिब के साथ भाग गई थी, की मुंबई में हत्या कर दी गई है। ...और पढ़ें

ये तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
बिजनौर की रुखसाना की मुंबई में हत्या।
प्रेमी साकिब ने पहली पत्नी पर लगाया आरोप।
शव बांद्रा में कूड़े के ढेर में मिला।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। गांव सादकपुर निवासी 27 वर्षीय रुखसाना इसी गांव के रहने वाले मोहम्मद साकिब के साथ नौ जुलाई को प्रेम प्रसंग के चलते तीन बच्चों को छोड़कर चली गई थी।
वह साकिब के साथ मुंबई के शांता क्रूज इलाके में किराए पर रह रहे थे। साकिब मुंबई में आटो चलाता है। लेकिन अब रुखसाना की मुंबई में हत्या कर दी गई है, उसका शव रविवार को बांद्रा इलाके में कूड़े के देर में मिला। साकिब ने हत्या का आरोप पहली पत्नी व उसके मायके वालों पर लगाया है।
साकिब की पहली पत्नी बिजनौर के नहटौर निवासी शहरीन भी उनके साथ ही रह रही थी। कुछ दिन पहले शहरीन ने अपने पिता सरताज, भाई समीर और मां फरजाना को मुंबई बुलाया था। 27 सितंबर को साकिब ऑटो चलाने चला गया, जब देर शाम घर लौटा तो रुखसाना वहां नहीं थी।
18 अक्टूबर को मिला शव
उसने पहली पत्नी व मायके वालों से पूछताछ की, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं बताया। शक के आधार पर उसने शांताक्रुज पुलिस को तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई। तभी से पुलिस महिला की तलाश कर रही थी, रविवार को उसका शव मिला।
सादकपुर निवासी मृतका के चाचा जफरुद्दीन ने बताया कि रुखसाना की हत्या करके शव फेंका गया था, वह शव लेने के लिए मुंबई रवाना हो गए हैं। उनके मुताबिक करीब छह वर्ष पहले साकिब और रुखसाना का प्रेम प्रसंग हुआ था, लेकिन इसका पता लगने पर मायके वालों ने उसका निकाह चार वर्ष पहले मुरादाबाद के थाना कांठ के गांव रवाना में कर दिया था।
इसके बाद साकिब का भी निकाह हो गया था और वह मुंबई में रह रहा था। जुलाई में दोनों अपने-अपने घर आए थे इसी के बाद ही उनमें कुछ बातचीत हुई जिसके बाद दोनों फरार हो गए थे। रुखसाना के तीन जबकि साकिब के दो बच्चे हैं।
