बिजनौर में आज कक्षा 12 तक के बच्चों का है अवकाश, सुबह से हो रही बूंदा-बांदी
Bijnor weather: बिजनौर में शनिवार को भारी बारिश और गरज की आशंका के चलते कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों और मदरसों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
शनिवार को बिजनौर में कक्षा 12 तक के स्कूल बंद।
तेज गरज के साथ भारी बारिश की आशंका।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। तेज बरसात की आशंका को देखते हुए डीएम उमेश प्रताप सिंह ने शनिवार को कक्षा 12 तक के बच्चों का अवकाश घोषित कर दिया है।
डीआइओएस धर्मेंद्र कुमार सक्सेना ने बताया कि सभी स्कूलों और मदरसों में शनिवार को अवकाश रहेगा। उधर, जिले के कई क्षेत्रों में सुबह से हल्की बरसात हो रही है।
अच्छी बरसात गर्मी और उमस की करेगी विदाई
उधर, शुक्रवार को आसमान में घने काले बादल छाए रहे। शाम को मौसम खुल गया लेकिन दो तीन दिन में बरसात होने की उम्मीद जताई जा रही है। एक अच्छी बरसात मौसम से गर्मी और उमस की विदाई करा देगी। मौसम में रात को ठंडक का अहसास होने भी लगा है।
इस बार बादलों ने जुलाई और अगस्त के महीने में जिले में खूब पानी बरसाया। सितंबर के भी पहले सप्ताह में खूब बरसात की लेकिन अब बरसात हुए लगभग दो सप्ताह हो चुके हैं। सितंबर में बरसात की विदाई भी होने लगती है।
शुक्रवार सुबह से ही आसमान में घने काले बादल छाए रहे। हवा के झोंकों में भी ठंडक रही। लगा कि बरसात होगी लेकिन दोपहर बाद मौसम खुल गया।
बादल और हवा के ठंडे झोंकों के कारण दोपहर में गर्मी और उमस का कोई असर नहीं रहा। शाम को फिर से हल्के बादल छा गए। उम्मीद की जा रही है कि एक दो दिन में अच्छी बरसात होगी। अभी किसानों ने फसलों की सिंचाई के लिए नलकूप चलाने शुरू नहीं किए हैं।
बरसात हुई तो नलकूप बंद ही रहेंगे। इस समय खेतों में धान की फसल तैयार खड़ी है। फसल में दाना पड़ चुका है। बरसात से धान को नुकसान नहीं होगा लेकिन अगर तेज हवा आई तो फसल गिर सकती है।
सब्जियों की हुई बुआई
खेतों में रबी सीजन के लिए सब्जी की बुआई हो चुकी है। अगर कुछ दिन पहले बरसात हो गई होती तो गोभी, साग आदि सब्जियों की बुआई नहीं हो पाती। तब किसानों को नुकसान होता। सब्जियों पर भी महंगाई का रंग चढ़ा रहता। अब बरसात होने से कोई परेशानी नहीं होगी।
एक दो दिन में जिले में तेज बरसात होने की पूरी संभावना बनी हुई है। बरसात होने से मौसम बदलने लगेगा। सुबह और रात को मौसम में ठंडक बढ़ेगी। दोपहर में धूप और उमस का असर भी कम हो जाएगा।
-सतीश कुमार, प्रेक्षक- मौसम वेधशाला, नगीना
