विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजनौर में बरसात के साथ पड़े ओले, फसलों को नुकसान; स्कूल की दीवार गिरी

By Navneet Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 09 Oct 2026 02:39 PM (IST)

Bijnor weather: बिजनौर के बढ़ापुर में तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। एक स्कूल की दीवार भी गिर गई। कई जगह बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई।

HighLights

  1. धान, गन्ना, उड़द की फसलों को भारी नुकसान, बिजली आपूर्ति बाधितत।

  2. जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की दीवार गिरी, बड़ा हादसा टला।

संवाद सूत्र, बढ़ापुर (बिजनौर)। बढ़ापुर में तेज हवा, बरसात व बिजली की करकराहट के दौरान स्कूल की निर्माणधीन दीवार गिर गई। उधर, कई क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह तेज वर्षा और ओलावृष्टि से लोगों को बहुत परेशानी हो रही है। कई जगह बिजली भी गुल हो गई। 

बढ़ापुर में शुक्रवार की सुबह क्षेत्र में बरसात, तेज हवा व ओलावृष्टि हुई। तेज हवा व बिजली की तेज करकराहट से अचानक जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के कमरे के ऊपर हो रहे निर्माण की दीवार गिर गई। दीवार के गिरने से कमरे की छत का मलबा भरभराकर नीचे गिर पड़ा।

मलवे की चपेट में आकर वहां पर रखी कुर्सियां टूट गई। कम्प्यूटर के कमरे में भी मलबा गिरा, लेकिन वहां पर रखे कम्प्यूटर बच गए। दीवार के गिरने से पांच कमरों की छत का मलबा गिरा है। छत पर दीवार गिरने की तेज आवाज से स्कूल स्टाफ भी दौड़ पड़ा। गनीमत रही कि हादसे के समय कमरे में शिक्षक व बच्चे नहीं थे वरना हादसा भी हो सकता था।

इससे पूर्व क्षेत्र में सुबह तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई। तेज बरसात के चलते सड़कों पर पानी बहने लगा और सब्जी मंडी में फल और सब्जी पानी के तेज बहाव में बह गई।

तेज बरसात, हवा और ओलावृष्टि ने लोगों को समान दुकानों के अंदर रखने का भी समय नहीं दिया। बरसात से धान, गन्ने व उड़द की फसल को भारी नुकसान पहुंचा। किसानों का कहना है कि बरसात के साथ तेज हवा से धान,गन्ने व उड़द की फसल गिर गई है। अभी पहले हुई बरसात का खेत में भरा पानी सूखा भी नहीं था और अब तेज हवा के साथ आई बरसात ने फसलों को गिरा दिया है।

वहीं बढ़ापुर-नगीना मार्ग पर त्यौबपुर बिजली घर के पास हाईटेंशन विद्युत लाइन का पोल गिर गया। ग्राम बासोंवाला में पीएचसी केंद्र के बाहर खड़ा विद्युत पोल व यूकेलिप्टस का पेड़ सड़क में गिर गया। जिसके चलते ढाई घंटे से विद्युत आपूर्ति बंद है और विद्युत कर्मी पोल व लाइन को दुरुस्त करने में लगे हुए हैं।