चक्रवाती तूफान का बिजनौर में असर: बिजली गिरने से मंदिर का कलश क्षतिग्रस्त, मलबा स्कूल की छत तोड़ते हुए कमरे में गिरा
Bijnor Weather: बिजनौर में चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से बारिश और मौसम में अचानक बदलाव आया है। इस दौरान ...और पढ़ें
HighLights
गांव सेलाखेड़ी में गिरी बिजली, जिले में फसलों को नुकसान।
शुगर मिल चलाने की तैयारी में भी बाधा पड़ने के आसार।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। जनपद में बीती रात से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव के कारण गुरुवार से ही अच्छी बरसात हो रही है। गांव सेलाखेड़ी में देर रात बरसात के दौरान बिजली गिरने से गांव स्थित मंदिर का शिखर क्षतिग्रस्त हो गया। शिखर का मलबा स्कूल की छत तोड़ते हुए कमरे के अंदर गिरा, जिससे वहां रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
राजा का ताजपुर क्षेत्र के निकटवर्ती गांव सेलाखेड़ी में ग्राम प्रधान त्रिवेंद्र कुमार शर्मा उर्फ बजरंगी ने बताया कि घटना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गनीमत रही कि घटना देर रात करीब डेढ़ृ बजे हुई, जिस समय विद्यालय बंद था। घटना के बाद गांव में इसको लेकर चर्चा बनी हुई है। बजरंगी प्रधान मुख्य अध्यापक दिनेश कुमार ग्रामीण हिरदेश शर्मा, सूरजभान, आनन्द शर्मा, बलराज सिंह, निर्देश कुमार आदि ने अधिकारियों से मन्दिर व स्कूल व मंदिर को जल्द से जल्द मरम्मत की गुहार लगाई है।
बरसात से शुगर मिलों को चलाने की तैयारियों को लगेगा झटका
बिजनौर : बेमौसम बरसात के कारण मौसम काफी ठंडा हो गया है। दिन का तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। रात भर से हो रही बरसात और तेज हवाओं ने फसलों पर भी प्रभाव छोड़ा है। धान की फसल को हानि हुई है और गन्ने की फसल में भी पानी भर गया है। जिस कारण शुगर मिलों को चलाने की तैयारियों को भी झटका लगेगा।
उधर, शुक्रवार की सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर बरसात का सिलसिला जारी है। बरसात के चलते जनजीवन पर भी असर पड़ा है। सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम के अचानक गर्मी से ठंड में बदलने से बीमारियां भी बढ़ गई हैं। जिला अस्पताल में वायरल बुखार के मरीजों की बढ़ने का अनुमान है। अभी अस्पताल पहुंच रहे ज्यादातर मरीज खांसी, नजला, जुकाम और बुखार से पीड़ित है।
