बाढ़ से जूझ रहे ग्रामीणों ने बिना सरकारी मदद के 3 दिन में तैयार किया तटबंध, निजाम को दिखाया आईना
Bijnor News: बाढ़ की मार झेल रहे रायपुर खादर के ग्रामीणों ने सरकारी मदद न मिलने पर खुद ही गंगा ...और पढ़ें

अस्थायी तटबंध तैयार करते ग्रामीण।
HighLights
रायपुर खादर के अलावा अन्य गांव के ग्रामीण हुए एकजुट।
55 दिनों से बाढ़ से जूझ रहे थे रायपुर खादर के ग्रामीण।
यशपाल सिंह, जलीलपुर (बिजनौर)। बाढ़ की मार झेल रहे ग्रामीणों ने निजाम को आईना दिखाया है। मन में हौसला लेकर निकले रायपुर खादर के सैकड़ों ग्रामीणों ने मात्र तीन दिन में वह काम कर दिखाया, जो वर्षों से न तो अधिकारी ही कर पाए और न ही जनप्रतिनिधि।
उन्होंने गंगा की धार को रोकने के लिए अस्थायी तटबंध तैयार कर दिया है। ग्रामीणों का हौसला यहीं नहीं रुका उन्होंने गांव के निकट छोइया नदी पर भी सेतु बनाकर पानी का रुख मोड़ा है।
पिछले 55 दिनों से बाढ़ की समस्या से जूझ रहे रायपुर खादर के ग्रामीण अपनी समस्या को हर हाल में निपटाना चाहते थे। क्योंकि, लगातार मांग के बाद सरकारी हुक्मरान से लेकर नेताओं ने कोई सुध नहीं ली। ऐसे में ग्रामीणों ने गांव में एक बैठक की और उसके बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि गंगा की धारा रोकने के लिए प्लान तैयार किया जाए।
उन्होंने गंगा का पानी को रोकने के लिए बीड़ा उठाया। सैकड़ों ग्रामीणाें का समूह फावड़े और अन्य सामग्री लेकर निकल पड़ा। सभी ने जीतोड़ मेहनत की और तीन दिनों गंगा के की धार को मिट्टी के बोरे व अस्थायी तटबंध बनाकर रोक दिया। इसके लिए ग्रामीणों ने किसी से कोई चंदा एकत्र नहीं किया, बल्कि अपने ही दम पर यह कार्य किया।
युद्ध स्तर पर चले काम के बाद ग्रामीणों ने उसे नाले को बंद कर दिया, जहां से गंगा का पानी लगातार रायपुर खादर व सीकरी की ओर आ रहा था। ग्रामीण यही नहीं रुके गांव के निकट बह रही छोरियां नदी को भी गांव में आने से रोक दिया।
आसपास के ग्रामीणाें ने भी दिया सहयाेग
बाढ़ प्रभावित गांव रायपुर खादर को पानी की समस्या से बचाने के लिए ग्राम जमालुद्दीनपुर, दत्तियाना, खानपुर, नारनौर के ग्रामीणों ने भी मदद के लिए हाथ बढ़ाया। ग्रामीणों ने बोरे एकत्र कर एकजुटता दिखाई। साथ ही ट्रैक्टरों की भी सहायता प्रदान की।
ग्रामीण ओमप्रकाश सिंह प्रधान कृष्ण पाल सिंह और प्रधान करतार सिंह बलबीर, सरदार सरबजीत आदि का कहना है कि जब तक प्रशासन से मदद मिले तब तक ग्रामीणों के सहयोग से कुछ हद तक पानी रोका गया है।
बाढ़ खंड को किया गया निर्देशित
एसडीएम प्रशांत वर्मा ने बताया कि इस संबंध में सिंचाई विभाग व बाढ़ खंड के अधिकारियाें को निर्देशित किया गया है। कहा गया है कि टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को देखे और ग्रामीणों का पूरा सहयाेग कर राहत दिलाने का कार्य करे।
